home page

डूंगला थाने में मंत्री की कथित गाली-गलौज वाले ऑडियो पर बवाल, कलक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन, बर्खास्तगी की मांग

 | 
डूंगला थाने में मंत्री की कथित गाली-गलौज वाले ऑडियो पर बवाल, कलक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन, बर्खास्तगी की मांग


चित्तौड़गढ़, 01 जून (हि.स.)। बड़ीसादड़ी के डूंगला थाने में सहकारिता मंत्री एवं विधायक गौतम कुमार दक की ओर से पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों से कथित अमर्यादित टिप्पणी और गाली-गलौज का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी जिला कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां नारेबाजी कर विरोध जताया और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मंत्री को पद से हटाने की मांग की। डीजीपी के नाम जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन भी सौंपा गया। इस प्रदर्शन में बड़ीसादड़ी विधानसभा क्षेत्र के अलावा कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

बड़ीसादड़ी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस डूंगला मंडल अध्यक्ष ललित पुष्करणा ने बताया कि क्षेत्र के लोग जिला मुख्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री और डीजीपी को ज्ञापन सौंप कर बताया कि मंत्री गौतम दक ने डूंगला थाना अधिकारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों से अभद्र भाषा में बात की। इसका ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर डूंगला थाना अधिकारी ने मंत्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। डूंगला मंडल अध्यक्ष ललित पुष्करणा ने कहा कि इस घटना से पुलिस विभाग का मनोबल प्रभावित हुआ है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो कानून व्यवस्था पर विपरीत असर पड़ेगा। पुलिसकर्मियों के सम्मान और कानून के राज के लिए निष्पक्ष कार्रवाई जरूरी है। इधर, प्रकाश जाट मेवदा ने कहा कि वायरल ऑडियो से प्रदेश भर में आक्रोश है। एक जनप्रतिनिधि की और से कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मियों के प्रति ऐसी भाषा निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री दक पहले भी इस तरह का व्यवहार कर चुके हैं। सीतामाता मेले के दौरान वन विभाग अधिकारी से भी कथित अभद्रता की गई थी, लेकिन तब कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि मंत्री गौतम दक का वॉयस सैंपल लेकर एफएसएल जांच करवाई जाए, जिससे वायरल ऑडियो की तकनीकी पुष्टि हो सके। दर्ज प्रकरण में त्वरित कार्रवाई कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। चेतावनी दी कि शीघ्र कानूनी कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस पार्टी और क्षेत्रवासी प्रदेशव्यापी आंदोलन करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल