जोधपुर रेलवे मंडल : वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक की सर्वाधिक माल ढुलाई आय 1346.90 करोड़ अर्जित
जोधपुर, 29 मार्च (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक की सर्वाधिक माल ढुलाई आय 1346.90 करोड़ रुपए अर्जित कर सफलता के नए आयाम स्थापित किए हैं।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि जोधपुर मंडल रेल विकास और राजस्व अर्जन की दिशा में निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। वित्त वर्ष 2025-26 जोधपुर मंडल की यात्रा में एक वंडरफुल स्टेपिंग स्टोन साबित हुआ है। मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक की सर्वाधिक माल ढुलाई आय 1346.90 करोड़ रुपए अर्जित कर न केवल परिचालन में सुधार किया है, बल्कि राजस्व के सभी पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। जोधपुर मंडल ने 27 मार्च 2026 तक 1346.90 करोड़ रुपए की सर्वाधिक माल ढुलाई आय अर्जित कर एक नया इतिहास रचा है। मंडल ने अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड 1309.15 करोड़ रुपए को पीछे छोड़ते हुए प्रदर्शन का एक नया गोल्डन बेंचमार्क स्थापित किया है। यह उपलब्धि रेल प्रशासन की रणनीतिक योजना और टीम वर्क का परिणाम है।
इस वित्त वर्ष में मंडल ने माल लदान के क्षेत्र में कई नए प्रयोग और विस्तार किए हैं। मंडल ने मारवाड़ मुंडवा से लाइमस्टोन (चूना पत्थर) के लदान की नई शुरुआत की है। 26 मार्च को मारवाड़ मुंडवा से जेएसपीके (जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड), खुर्दा रोड डिवीजन (पूर्व तटीय रेलवे) के लिए 1755 किमी की दूरी तय कर रैक रवाना किया गया, जिससे 1.31 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान एनएसी से सीपी तक पहली बार कंटेनर लदान की शुरुआत की गई, जो मंडल के पोर्टफोलियो में एक नया अध्याय है।
जनवरी 2026 में मंडल ने 0.121 मिलियन टन (30 रेक) का सर्वाधिक मासिक क्लिंकर लदान किया। वहीं, 27 मार्च तक वार्षिक क्लिंकर लदान 0.965 मिलियन टन (242 रेक) तक पहुंच गया है, जो अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। जोधपुर मंडल ने लंबी दूरी के और उच्च राजस्व देने वाले कई नए गंतव्यों तक अपनी पहुंच बनाई है। कुल माल लदान की बात करें तो 27 मार्च तक मंडल ने 6.733 मिलियन टन लदान किया है, जो पिछले वित्त वर्ष 2024-25 की तुलना में 5.93 प्रतिशत अधिक है। मंडल ने मालगाडय़िों की औसत गति में 3.47 प्रतिशत का सुधार करते हुए 22.95 किमी प्रति घंटा की रफ्तार हासिल की है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

