home page

जोधपुर-फुलेरा रेलखंड पर बिना टिकट यात्रा के 112 मामले पकड़े

 | 
जोधपुर-फुलेरा रेलखंड पर बिना टिकट यात्रा के 112 मामले पकड़े


जोधपुर, 25 जून (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को जोधपुर-फुलेरा रेलखंड पर चलाए गए विशेष औचक टिकट जांच अभियान में 112 मामले पकड़े गए और रेलवे ने 70 हजार रुपए से अधिक की जुर्माना राशि वसूल की।

जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि बिना टिकट यात्रा पर न्यूनतम जुर्माना राशि 250 रुपए से बढ़ाकर 500 रुपए किए जाने के बाद मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशानुसार सघन टिकट जांच अभियान नियमित रूप से चलाया जा रहा है। बुधवार को औचक टिकट जांच के दौरान मंडल वाणिज्य प्रबंधक दीपक चौधरी के नेतृत्व में टिकट जांच दल ने जोधपुर- फुलेरा रेलखंड की प्रमुख ट्रेनों में औचक जांच की।

कार्रवाई में बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा के 100 मामले दर्ज किए गए, जिनसे 62 हजार 525 रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ। इसके अलावा अन्य श्रेणियों से जुड़े 12 मामलों में 7 हजार 590 रुपए की वसूली की गई। इस प्रकार अभियान के दौरान रेलवे को कुल 70 हजार 115 रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश