जोधपुर-जयपुर इंटरसिटी इलेक्ट्रिक इंजन से चलेगी
जोधपुर, 09 मार्च (हि.स.)। रेल प्रशासन द्वारा जोधपुर-जयपुर इंटरसिटी सुपरफास्ट ट्रेन का संचालन अब डीजल इंजन की जगह इलेक्ट्रिक लोको से किया जाएगा। इससे रेल संचालन अधिक तेज, किफायती और पर्यावरण के अनुकूल बनेगा। जोधपुर से यह ट्रेन 10 मार्च से तथा जयपुर से 11 मार्च से नियमित रूप से इलेक्ट्रिक इंजन से संचालित होगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि यात्री सुविधाओं में विस्तार तथा आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गाड़ी संख्या 22977/22978 जयपुर-जोधपुर-जयपुर रेलसेवा को इलेक्ट्रिक इंजन से संचालित करने का निर्णय लिया गया है।
डीआरएम के अनुसार इस ट्रेन में इलेक्ट्रिक इंजन के संचालन से संचालन क्षमता में वृद्धि होगी। साथ ही डीजल की खपत में कमी आने से रेलवे को ईंधन व्यय में बचत होगी तथा पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। यात्रियों को इससे अधिक सुरक्षित, आरामदायक और सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

