home page

जेएनवीयू में भारतीय वंशावली परंपरा पर राष्ट्रीय संगोष्ठी शुक्रवार काे

 | 
जेएनवीयू में भारतीय वंशावली परंपरा पर राष्ट्रीय संगोष्ठी शुक्रवार काे


जोधपुर, 12 नवम्बर (हि.स.)। जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के थार लोक संस्कृति अध्ययन केन्द्र एवं अखिल भारतीय वंशावली संरक्षण एवं संवर्धन संस्थान जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में 13 नवंबर को सुबह 10.15 बजे भारतीय वंशावली परंपरा: भारतीय ज्ञान प्रणाली के परिप्रेक्ष्य में अतीत, वर्तमान एवं भविष्य विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। संगोष्ठी विश्वविद्यालय के केंद्रीय कार्यालय परिसर स्थित बृहस्पति भवन में आयोजित होगी। आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा आयोजन समिति ने विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है।

संगोष्ठी के उद्घाटन सत्र में अखिल भारतीय वंशावली संरक्षण एवं संवर्धन संस्थान, जयपुर के संस्थापक रामप्रसाद मुख्य अतिथि होंगे। जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. (डॉ.) पवन कुमार शर्मा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। अखिल भारतीय धर्म जागरण के सह प्रमुख अरुण कांत बीज वक्ता तथा धर्म जागरण के राजस्थान क्षेत्रीय समन्वयक डॉ. ललित शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

थार लोक संस्कृति अध्ययन केन्द्र के निदेशक प्रो. महिपाल सिंह राठौड़ संगोष्ठी के निदेशक होंगे। इतिहास विभाग के सहायक आचार्य डॉ. भगवान सिंह शेखावत संगोष्ठी के संयोजक, सहायक आचार्य डॉ. दिनेश राठी आयोजन सचिव तथा डॉ. महेंद्र सिंह एवं डॉ. सुरेश चौधरी आयोजन सह-सचिव का दायित्व निभाएंगे। थार लोक संस्कृति अध्ययन केन्द्र के निदेशक प्रो. महिपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि संगोष्ठी में देशभर से आने वाले विद्वान, शोधकर्ता एवं विषय विशेषज्ञ भारतीय वंशावली परंपरा के ऐतिहासिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं अकादमिक पक्षों पर विचार-विमर्श करेंगे।

संगोष्ठी के दौरान विभिन्न तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विषय विशेषज्ञों एवं शोधार्थियों द्वारा शोध-पत्रों का वाचन किया जाएगा। इन सत्रों में वंशावली लेखन की ऐतिहासिक परंपरा, उसके संरक्षण, सामाजिक उपयोगिता तथा भारतीय ज्ञान प्रणाली में उसके योगदान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अकादमिक विमर्श होगा।

संगोष्ठी का एक महत्वपूर्ण आकर्षण परंपरागत रूप से वंशावली लेखन एवं संरक्षण का कार्य कर रहे वंशावली लेखकों का सम्मान समारोह होगा। इसके माध्यम से पीढिय़ों से भारतीय परिवारों, कुलों एवं समुदायों की ऐतिहासिक स्मृतियों और वंश परंपराओं को संरक्षित रखने वाले पारंपरिक वंशावली लेखकों के योगदान को सम्मानित किया जाएगा। संगोष्ठी के संरक्षक जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. (डॉ.) पवन कुमार शर्मा एवं अखिल भारतीय वंशावली संरक्षण एवं संवर्धन संस्थान, जयपुर के संस्थापक रामप्रसाद होंगे।

परामर्श समिति में संस्थान के अध्यक्ष परमेश्वर ब्रह्म भट्ट एवं महासचिव डॉ. बाबूलाल भाट शामिल हैं। संगोष्ठी के संयोजक डॉ. भगवान सिंह शेखावत, आयोजन सचिव डॉ. दिनेश राठी तथा आयोजन सह-सचिव डॉ. महेंद्र सिंह एवं डॉ. सुरेश चौधरी हैं। आयोजन समिति में डॉ. ललित शर्मा, डॉ. ललित पंवार, डॉ. कांता चौधरी, डॉ. मीनाक्षी बोराणा, डॉ. हितेंद्र गोयल, डॉ. नम्रता स्वर्णकार एवं डॉ. भूमिका द्विवेदी शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश