home page

जल संसाधन मंत्री ने विकास प्रदर्शनी का किया अवलोकन, योजनाओं की उपलब्धियों को सराहा

 | 
जल संसाधन मंत्री ने विकास प्रदर्शनी का किया अवलोकन, योजनाओं की उपलब्धियों को सराहा


धौलपुर, 14 जून (हि.स.)। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के विषय पर आयोजित तीन दिवसीय प्रदर्शनी का रविवार को जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने अवलोकन किया।

सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय, धौलपुर में आयोजित इस प्रदर्शनी में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को प्रदर्शित किया गया।

इस अवसर पर मंत्री रावत ने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारियों को भी जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रभावशीलता समझने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, डिजिटल इंडिया, किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न केंद्रीय योजनाओं एवं राज्य सरकार की जनहितकारी पहलों की विस्तृत जानकारी प्रदर्शित की गई। इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कौशल विकास, रोजगार संवर्धन तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से जुड़ी उपलब्धियों को भी प्रमुखता से दर्शाया गया।

जल संसाधन मंत्री ने प्रदर्शनी के सफल आयोजन के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सरकार और आमजन के बीच संवाद स्थापित करने तथा विकास यात्रा को समझने का प्रभावी माध्यम हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी नागरिकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित करती है।

इस दौरान जिला कलक्टर श्रीनिधि बी.टी., जिला अध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत, गिर्राज सिंह, डॉ. शिवचरण कुशवाह, नीरजा शर्मा, मोतीलाल मीणा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित