जयपुर सहित आधा दर्जन शहरों में तेज हवा के साथ बारिश
जयपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम विक्षोभ के असर से गुरुवार को जयपुर सहित करीब आधा दर्जन शहरों में तेज हवा के साथ बरसात हुई। बारिश के बाद शहरों के तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। बारिश का यह दौर शुक्रवार को जयपुर सहित कई अन्य शहरों में देखने को मिल सकता है।
माैसम विभाग के अनुसार गुरुवार को जयपुर, सीकर, उदयपुर, अलवर, श्रीगंगानगर, फलौदी और वनस्थली में हल्की से मध्यम बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश श्रीगंगानगर में 12 मिमी दर्ज की गई। जयपुर में सुबह से आसमान में छितराए बादल छाए रहे और हल्की धूप भी खिली। इससे उमस भरी गर्मी महसूस हुई। दोपहर बाद काले घने बादल छाए और तेज हवा के साथ हल्की बरसात हुई। जयपुर का अधिकतम तापमान 34.1 और न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री दर्ज किया गया। खराब मौसम के चलते 4 फ्लाइट जयपुर डायवर्ट हुई हैं। सीकर में रिमझिम बरसात तो भरतपुर में धूल भरी आंधी का दौर चला। बाड़मेर को छोड़कर बाकी शहरों का दिन का तापमान 40 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। 40.5 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 27.4 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 15 अक्टूबर को राजस्थान के उत्तरी व पूर्वी भागों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसके प्रभाव से बीकानेर, जयपुर व भरतपुर संभाग व आसपास के जिलों में मध्यम से तेज मेघगर्जन, तेज हवाएं 30-40 किमी प्रतिघंटा के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हुई है। बुधवार को सबसे ज्यादा गजसिंहपुर, श्रीगंगानगर में 55 मिमी बारिश दर्ज की गई। जयपुर भरतपुर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के जिलों के कुछ भागों में 16 अक्टूबर को भी कहीं कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

