जयपुर में 27 से अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, विकसित भारत मिशन-2047 पर होगा मंथन
जयपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। विकसित भारत मिशन-2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए व्यवसाय, अर्थशास्त्र, प्रौद्योगिकी और शासन के क्षेत्र में उभरती प्रवृत्तियों पर चर्चा के लिए जयपुर में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह सम्मेलन 27 और 28 अक्टूबर को अंबाबाड़ी स्थित महर्षि अरविंद इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड मैनेजमेंट में होगा।
सम्मेलन में देश-विदेश के शिक्षाविद, शोधार्थी और विद्यार्थी भाग लेकर विभिन्न विषयों पर विचार साझा करेंगे।
स्वामी विवेकानंद बालिका शिक्षा प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ. शैलेन्द्र मौर्य ने बताया कि सम्मेलन का आयोजन समिति की ओर से महर्षि अरविंद विज्ञान एवं प्रबंधन संस्थान, अंबाबाड़ी के सहयोग से किया जा रहा है। स्वामी विवेकानंद बालिका शिक्षा प्रचार समिति, मौर्य एजुकेशन एंड रिसर्च फाउंडेशन की एक इकाई है।
सम्मेलन की संयोजक डॉ. रुबीना साजिद ने बताया कि 27 अक्टूबर को आयोजित उद्घाटन समारोह में राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर निमित्त चौधरी मुख्य अतिथि होंगे। गुजरात केंद्रीय विश्वविद्यालय के प्रोफेसर जनक सिंह मीणा विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
महर्षि अरविंद ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के निदेशक डॉ. भरत पाराशर, महर्षि अरविंद विश्वविद्यालय के अध्यक्ष प्रोफेसर एस.सी. जैन तथा महर्षि अरविंद इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड मैनेजमेंट के कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के प्राचार्य प्रोफेसर डी.पी. शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
सम्मेलन में श्रीलंका के यूनिवर्सिटी ऑफ रूहाना की प्रोफेसर इंडि अकुरुगोड़ा मुख्य वक्ता होंगी। उनके संबोधन के साथ ही सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक दृष्टिकोण और विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श का अवसर मिलेगा। समिति की सचिव सुशीला भट्ट मौर्य ने बताया कि दो दिवसीय सम्मेलन में देश-विदेश के प्रबुद्ध शिक्षाविद, शोधार्थी और विद्यार्थी सम्मिलित होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

