home page

जयपुर में भगवान महावीर का 2625वां जन्म कल्याणक महोत्सव धूमधाम से मनाया, भव्य शोभायात्रा निकली

 | 
जयपुर में भगवान महावीर का 2625वां जन्म कल्याणक महोत्सव धूमधाम से मनाया, भव्य शोभायात्रा निकली


जयपुर, 30 मार्च (हि.स.)।‘जीओ और जीने दो’ का संदेश देने वाले भगवान महावीर स्वामी का 2625वां जन्म कल्याणक महोत्सव सोमवार को गुलाबी नगर जयपुर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के जैन मंदिरों और कॉलोनियों में प्रातःकाल अभिषेक, पूजा-अर्चना के साथ प्रभात फेरियां निकाली गईं, वहीं शाम को महाआरती, भजन एवं पालना झुलाने के आयोजन हुए। पूरे दिन शहर भगवान महावीर के जयकारों से गूंजता रहा।

मुख्य कार्यक्रम राजस्थान जैन सभा, जयपुर के तत्वावधान में न्यू गेट स्थित रामलीला मैदान में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में वात्सल्य वारिधि आचार्य वर्धमान सागर महाराज एवं व्याख्यान वाचस्पति आचार्य प्रज्ञा सागर महाराज ससंघ के सानिध्य में ध्वजारोहण, दीप प्रज्ज्वलन, स्मारिका विमोचन तथा 24 तीर्थंकरों की 24 पाण्डुक शिलाओं पर सामूहिक कलशाभिषेक सहित 2625 चंवर ढुलाने जैसे भव्य आयोजन किए गए।

इससे पूर्व परकोटे क्षेत्र में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो मनिहारों का रास्ता स्थित महावीर पार्क से प्रातः 7 बजे शुरू होकर चौड़ा रास्ता, त्रिपोलिया बाजार, बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, बापू बाजार और न्यू गेट होते हुए रामलीला मैदान पहुंची। शोभायात्रा में बैंड-बाजों, भजन मंडलियों और ज्ञानवर्धक झांकियों के साथ श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए। शोभायात्रा में भगवान महावीर के जीवन प्रसंगों एवं समसामयिक विषयों पर आधारित एक दर्जन आकर्षक झांकियां शामिल रहीं, जिनमें अहिंसा, नारी शिक्षा, विश्व शांति और संस्कार जैसे संदेश प्रमुख रहे। मार्ग में विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों तथा जनप्रतिनिधियों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।

विशेष आकर्षण के रूप में पहली बार 24 तीर्थंकरों के 24 स्वर्णिम रथ शामिल किए गए। अंतिम रथ में भगवान महावीर की प्रतिमा स्वर्ण जड़ित रथ पर विराजमान थी। शोभायात्रा में हाथी, घोड़े, ऊंट, लवाजमा, महिला मंडल, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मार्ग में 108 स्वागत द्वार लगाए गए थे और वातावरण भक्ति व आस्था से सराबोर रहा। शोभायात्रा का विस्तार इतना था कि इसका पहला छोर न्यू गेट पर था, जबकि अंतिम छोर त्रिपोलिया बाजार में दिखाई दिया। शोभायात्रा समिति एवं श्री वीर सेवक मंडल, जयपुर के कार्यकर्ताओं ने व्यवस्थाएं संभालीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश