home page

जयपुर में इस सीजन की पहली तेज बारिश, दाे इंच तक बारिश से सड़कें लबालब

 | 
जयपुर में इस सीजन की पहली तेज बारिश, दाे इंच तक बारिश से सड़कें लबालब


जयपुर में इस सीजन की पहली तेज बारिश, दाे इंच तक बारिश से सड़कें लबालब


जयपुर, 25 जून (हि.स.)। जयपुर में गुरुवार को प्री मानसून की पहली तेज बारिश हुई। करीब एक घंटे से अधिक समय से तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इससे सड़कों पर एक से दो फीट तक पानी भर गया। पानी में फंसने से कई गाडिय़ा बंद पड़ गई तो दुकानों में पानी घुस गया। बारिश के दौरान जयपुर में करीब 70 से 80 किलाेमीटर रफ्तार से हवाएं चली। इससे कई जगहों पर पेड़ गिर गए। सीजन की पहली तेज बारिश ने शहर की ड्रेनेज व्यवस्था और नालों की सफाई की पोल खोल कर रख दी।

मौसम विभाग के अनुसार जयपुर में सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। बादलों के बीच से धूप की आंख मिचौली भी देखने को मिली। दोपहर बाद मौसम पलटा और आसमान में काले घने बादल छाए। इसके बाद तेज हवाओं के साथ करीब एक घंटे से अधिक समय तक बारिश हुई। जयपुर में दाे इंच बरसात से सड़कें पानी से लबालब हो गई। जगह-जगह पानी भर गया, जिससे गाडिय़ां बंद हो गईं। सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन सवारों को हुई। सुभाष चौक इलाके में दुकानों में पानी घुस गया। ऐसा ही हाल एमडी रोड का रहा। जयपुर कलेक्ट्रेट, चारदीवारी के आसपास करीब 50 मिलीमीटर (2 इंच) पानी बरसा। शहर के अलावा सांगानेर एरिया में 33, जेएलएन मार्ग में 11.4, फागी में 15, जालसू में 12, कालवाड़ में 4 और आमेर एरिया में 2 मिलीमीटर पानी बरसा। तेज हवा के चलते आमेर रोड पर सुभाष चौक से जोरवर सिंह गेट तक 5 से 6 बड़े पेड़ टूटकर गिर गए।

प्रदेश में जयपुर के अलावा अलवर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बीकानेर, कोटा, लूणकरणसर, दौसा, धौलपुर, झालावाड़, जोधपुर सहित कुछ अन्य स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। नागौर, भीलवाड़ा, जोधपुर, कोटा के भी कुछ इलाकों में 20 से 35 मिमी तक बरसात हुई। नागौर के सांजू में 25 , डेगाना में 35, खींवसर में 13, सवाई माधोपुर के बामनवास में 10, बीकानेर के छतरगढ़ में 14, धौलपुर के बसेड़ी में 5, कोटा के चेचट में 17, कानावास में 4, राजसमंद के रेलमगरा में 5, भीलवाड़ा के सहाड़ा में 22, जोधपुर के भोपालगढ़ में 20 मिलीमीटर बरसात दर्ज हुई।गुरुवार को प्रदेश के चार शहरों का दिन का पारा 40 और दो शहरों का रात का पारा 30 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। 41.4 डिग्री के साथ फलौदी का दिन और 30.5 डिग्री के साथ जोधपुर की रात सबसे गर्म रही। फलौदी के अलावा श्रीगंगानगर, जैसलमेर और बाड़मेर का दिन का पारा 40 डिग्री के पार दर्ज किया गया। आंधी बारिश के बाद प्रदेश के शहरों के तापमन में दो से चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। इससे पहले बुधवार को भरतपुर, जयपुर, नागौर, सीकर, चूरू और श्रीगंगानगर के कुछ इलाकों में 1 इंच या उससे ज्यादा बरसात हुई।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है। वर्तमान में मानसून मध्यप्रदेश के दक्षिण भागों के साथ गुजरात पहुंच चुका है। आगामी 5-7 दिनों में मानसून के और सक्रिय होने तथा पूर्वी एवं मध्य भारत के कुछ भागों से आगे बढऩे के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। राज्य में आगामी 4-5 दिनों के दौरान कहीं-कहीं मेघगर्जन, वज्रपात एवं 50-60 किमी प्रतिघंटा की गति से तेज झोंकेदार हवाओं के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। 26 जून से 9 जुलाई के दौरान प्रथम सप्ताह के दौरान पश्चिमी तथा पूर्वी राजस्थान में सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना है।

द्वितीय सप्ताह के दौरान पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में वर्षा गतिविधियों में वृद्धि होने की संभावना है, किन्तु समग्र रूप से राज्य में वर्षा सामान्य से कम रहने की संभावना है। प्रथम एवं द्वितीय सप्ताह के दौरान अधिकतम तापमान अधिकांश स्थानों पर सामान्य के आसपास दर्ज होने की संभावना है। इसके बावजूद राज्य में उमस भरी गर्मी का दौर जारी रहने की संभावना है। प्रथम एवं द्वितीय सप्ताह के दौरान न्यूनतम तापमान अधिकांश स्थानों पर सामान्य के आसपास रहने की संभावना है। पिछले सप्ताह के दौरान राज्य में कुछ स्थानों पर मेघगर्जन, धूल भरी आंधी, झोंकेदार हवा के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की वर्षा दर्ज की गई तथा शेष राज्य में मौसम मुख्यत: शुष्क रहा। राज्य में पिछले सप्ताह के दौरान दीर्घावधि वर्षा के औसत से 20 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश