home page

जयपुर जिला प्रशासन करेगा मंदिर श्री खेड़ापति बालाजी का संचालन

 | 
जयपुर जिला प्रशासन करेगा मंदिर श्री खेड़ापति बालाजी का संचालन


जयपुर, 05 मार्च (हि.स.)। जयपुर ग्रामीण जिले के फागी के माधोराजपुरा स्थित मंदिर श्री खेड़ापति बालाजी अब जिला प्रशासन जयपुर के अधीन हो गया है। न्यायालय सिविल जज एवं अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट फागी (जयपुर) द्वारा 4 फरवरी 2026 को पारित आदेश की अनुपालना में जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी द्वारा मंदिर तथा उससे संबंधित समस्त संपत्तियों के प्रबंधन एवं संचालन के लिए समिति का गठन किया गया है। मंदिर का संचालन प्रशासक, मंदिर ठिकाना गलताजी द्वारा किया जाएगा।

अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर चतुर्थ अशीष कुमार ने बताया कि जिला कलक्टर द्वारा गठित समिति की अध्यक्षता उपखण्ड अधिकारी, माधोराजपुरा करेंगे। समिति में तहसीलदार माधोराजपुरा तथा देवस्थान विभाग के निरीक्षक को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

न्यायालय के आदेशानुसार मंदिर श्री खेड़ा हनुमान जी तथा उससे संबंधित समस्त संपत्तियों के प्रबंधन एवं संचालन के लिए प्रशासक, मंदिर ठिकाना गलताजी को अधिकृत किया गया था। इसी क्रम में जिला कलक्टर द्वारा प्रबंधन एवं संचालन समिति का गठन किया गया।

समिति के अध्यक्ष उपखण्ड अधिकारी माधोराजपुरा द्वारा 16 फरवरी 2026 को मंदिर का प्रबंधन एवं परिसंपत्तियां प्रशासक, मंदिर ठिकाना गलताजी के नियंत्रण में लेते हुए मंदिर के संचालन की व्यवस्था संभाल ली गई है। वर्तमान में मंदिर में विधिवत रूप से पूजा-अर्चना प्रारम्भ कर दी गई है तथा व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की जा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश