home page

जन्मोत्सव से पहले आधी रात तक गूंजा खाटूधाम, आतिशबाजी से जगमगाया तोरण द्वार

 | 
जन्मोत्सव से पहले आधी रात तक गूंजा खाटूधाम, आतिशबाजी से जगमगाया तोरण द्वार


जन्मोत्सव से पहले आधी रात तक गूंजा खाटूधाम, आतिशबाजी से जगमगाया तोरण द्वार


सीकर, 20 नवंबर (हि.स.)। धार्मिक नगरी खाटूश्यामजी में बाबा श्याम के जन्मोत्सव को लेकर भक्तों का उत्साह चरम पर पहुंच गया है। एकादशी से पहले गुरुवार रात तोरण द्वार पर ऐसा जश्न देखने को मिला कि देर रात तक पूरा खाटूधाम आतिशबाजी की रोशनी से जगमगाता रहा। बाबा श्याम के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने पटाखे जलाकर जन्मोत्सव की खुशी मनाई। रात करीब ढाई बजे तक तोरण द्वार के आसपास आतिशबाजी होती रही। बाबा के दर्शनों के लिए अभी जिगजैग लाइनों में श्रद्धालुओं की कतारें लगी हुई है।

जन्मोत्सव की संभावित भीड़ और आतिशबाजी को देखते हुए पुलिस ने तोरण द्वार पर पहले से ही बैरिकेडिंग कर रखी थी। पुलिस जवानों के साथ निजी सुरक्षाकर्मी भी तैनात रहे और भीड़ की आवाजाही पर नजर रखी गई। इसके बावजूद बाबा के भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ और देर रात तक जश्न चलता रहा। आज एकादशी के अवसर पर बाबा श्याम का विशेष जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। मंदिर में बाबा को छप्पन भोग अर्पित किया गया। बड़ी संख्या में भक्तों ने बाबा को केक का भोग भी लगाया।

जन्मोत्सव को लेकर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और श्रृंगार किया गया है।

बाबा श्याम के जन्मोत्सव के चलते मंदिर पूरी रात श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खुला रहेगा। शनिवार और रविवार को सप्ताहांत होने के कारण खाटूधाम में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है। भीड़ को देखते हुए इन दोनों दिनों में भी मंदिर को रातभर दर्शन के लिए खुला रखने की तैयारी की गई है।

इस बार बाबा श्याम का मंदिर वृंदावन की थीम पर सजाया गया है। सजावट में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और उनके विभिन्न स्वरूपों को आकर्षक तरीके से दर्शाया गया है। मंदिर परिसर को बेंगलुरु और कोलकाता से मंगाए गए फूलों से सजाया गया है।

फूलों की सजावट और रोशनी से मंदिर परिसर का स्वरूप बेहद आकर्षक नजर आ रहा है।

जन्मोत्सव पर खाटूश्यामजी में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। मेले में करीब 3 हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस और सुरक्षा दल भीड़ के प्रवेश, निकासी, यातायात और मंदिर परिसर के आसपास लगातार निगरानी रखेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित