home page

जनसुनवाई में पुलिस कमिश्नर ने सुनी फरियाद: कई मामलों का मौके पर हुआ निस्तारण

 | 
जनसुनवाई में पुलिस कमिश्नर ने सुनी फरियाद: कई मामलों का मौके पर हुआ निस्तारण


जनसुनवाई में पुलिस कमिश्नर ने सुनी फरियाद: कई मामलों का मौके पर हुआ निस्तारण


जयपुर, 07 मार्च (हि.स.)। जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने शनिवार को विद्याधर नगर थाने में जनसुनवाई कर परिवादियों की समस्याएं सुनी और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश भी दिए।

इस दौरान अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर प्रथम मनीष अग्रवाल, पुलिस उपायुक्त उत्तर करण शर्मा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त उत्तर द्वितीय बजरंग सिंह एवं सहायक पुलिस आयुक्त शास्त्री नगर एवं कोतवाली व संबंधित एसएचओ और थाने के अधिकारी उपस्थित रहे।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने कहा कि जनसुनवाई के दौरान कई परिवादियों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया है। उन्होंने कहा कि आमजन को राहत देने के लिए थाना स्तर में प्रतिदिन जनसुनवाई की जा रही है।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान क्षेत्र में आपसी मुकदमे, पारिवारिक विवाद, जमीनी विवाद, मकानों पर कब्जे, अवैध कब्जे, चोरी, मारपीट सहित अन्य शिकायतें प्राप्त हुई। उन्होंने सभी शिकायतों की जांच कर कम से कम समय में निश्चित समयावधि में निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परिवादियों की समस्याओं का तुरंत रिस्पॉन्स देने और निस्तारण करने के भी निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान शास्त्री नगर सर्किल के शास्त्री नगर विद्याधर नगर एवं भट्टा बस्ती के थानों के साथ कोतवाली सर्किल के कोतवाली,जालूपूरा,संजय सर्किल एवं नाहरगढ़ पुलिस थाना क्षेत्र के परिवादियों ने अपनी समस्याएं पुलिस कमिश्नर को बताकर समाधान पाया।

जनसुनवाई की खास बात यह रही कि परिवादियों की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया जाता है। समय लगने वाली अन्य समस्याओं के जल्द समाधान के लिए भी निर्देश दिया जाता है।

गौरतलब है कि इससे पूर्व पुलिस कमिश्नर द्वारा एसीपी कार्यालय झोटवाड़ा, सामुदायिक भवन सांगानेर एवं पुलिस थाना शिप्रापथ में जनसुनवाई कर परिवादियों की समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया जा चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश