home page

घुमन्तु समुदाय के सशक्तिकरण के लिए समर्पित है सरकार : मुख्यमंत्री

 | 
घुमन्तु समुदाय के सशक्तिकरण के लिए समर्पित है सरकार : मुख्यमंत्री


जयपुर, 22 फ़रवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि विमुक्त, घुमन्तु और अर्द्ध घुमन्तु समुदाय भारतीय सभ्यता और संस्कृति का अभिन्न अंग हैं। यह समुदाय धरती की मिट्टी से जुड़ा हुआ है और त्याग व बलिदान की प्रतिमूर्ति रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार इन समुदायों के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह समर्पित है।

मुख्यमंत्री अंबाबाड़ी स्थित आदर्श विद्या मंदिर सभागार में आयोजित विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्द्ध घुमन्तु समुदाय के अधिकारी, कर्मचारी एवं प्रबुद्धजन महासम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार ने इन समुदायों को आश्रय उपलब्ध कराने के लिए आवासीय पट्टों का वितरण किया है और बच्चों की शिक्षा के लिए छात्रावास की व्यवस्था भी की है।

मुख्यमंत्री ने बजट वर्ष 2026-27 में घुमन्तु समुदाय के बच्चों की शिक्षा के लिए ‘राज पहल’ कार्यक्रम की घोषणा को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इसके अंतर्गत प्रथम चरण में प्रत्येक जिले में एक ‘स्कूल ऑन व्हील्स’ स्थापित किया जाएगा। उन्होंने इसे शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर बताया।

उन्होंने कहा कि प्रवास-प्रभावित क्षेत्रों में अस्थायी शिक्षा शिविर और शैक्षिक संभागों में छह माह के ‘स्कूल रेडिनेस कैम्प’ भी आयोजित किए जाएंगे। इससे पलायन और प्रवास के कारण नियमित विद्यालयों से वंचित रहने वाले बच्चों तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि घुमन्तु समुदाय ने विदेशी आक्रांताओं से संघर्ष करते हुए भारतीय संस्कृति की रक्षा की है। आजादी से पूर्व इस समाज ने गांव-गांव जाकर जनजागरण किया और देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

उन्होंने कहा कि इन समुदायों के पास पारंपरिक ज्ञान और विविध कौशल की समृद्ध विरासत है। लोहा-शिल्प कला विश्वभर में प्रसिद्ध है, जबकि बंजारा समुदाय का व्यापारिक कौशल भारतीय व्यापार मार्गों की रीढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि यह महासम्मेलन समाज के उत्थान, पहचान और विकास की मुख्यधारा में स्थायी स्थान बनाने का संकल्प है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से देश-प्रदेश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया और समाज के सुझावों पर सकारात्मक विचार का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने अंबाबाड़ी के पास खाटूश्याम जी जा रहे पदयात्रियों से मुलाकात की और भंडारे में प्रसाद वितरण किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया।

इस अवसर पर पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय कार्यकारिणी सदस्य हनुमान सिंह, घुमन्तु कार्य प्रमुख राजस्थान क्षेत्र महेन्द्र सिंह, जनाधिकार समिति सदस्य राकेश बीदावत सहित घुमन्तु समुदाय के प्रतिनिधि, समाजसेवी और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित