home page

गर्मी का बढऩे लगा सितम, श्रीगंगानगर का पारा 45 के पास

 | 
गर्मी का बढऩे लगा सितम, श्रीगंगानगर का पारा 45 के पास


जयपुर, 23 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश में गर्मी का सितम बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को प्रदेश के 11 शहरों का दिन का पारा 40 तो वहीं 7 शहरों का रात का पारा 25 डिग्री के पार पहुंच गया। 44.5 डिग्री के साथ श्रीगंगानगर का दिन और 29.1 डिग्री के साथ संगरिया की रात सबसे गर्म रही। 25 से 28 अप्रेल के बीच कमजोर पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने से पश्चिमी व उत्तरी राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बढ़ती गर्मी के कारण जयपुर के बाद कोटा में स्कूलों का टाइम बदल गया है। झुंझुनूं और जैसलमेर में महात्मा गांधी नरेगा योजना (मनरेगा) के समय में बदलाव किया गया है। अब मजदूर सुबह 6 से लेकर दोपहर 1 बजे तक ही काम करेंगे। इस 7 घंटे की शिफ्ट में कोई रेस्ट पीरियड (विश्राम काल) नहीं होगा। यदि कोई श्रमिक समूह समय से पहले अपना काम पूरा कर लेगा तो वह जल्दी घर जा सकेगा।

मौसम विभाग के अनुसार श्रीगंगानगर के अलावा पिलानी, कोटा, चित्तौडग़ढ़ और चूरू का दिन का तापमान 42 तो बाड़मेर, जैसलमेर, संगरिया, फतेहपुर, दौसा और लूणकरणसर का दिन का तापमान 40 डिग्री के पार दर्ज किया गया। वहीं संगरिया के अलावा फलौदी, जयपुर, अलवर, बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर और संगरिया का रात का तापमान 25 डिग्री के पार दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य में कुछ जगहों पर उष्ण लहर और उष्ण रात्रि दर्ज होने के साथ ही मौसम शुष्क रहा। वर्तमान में अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 40-44 डिग्री दर्ज किया जा रहा हैं जो औसत सामान्य तापमान के आसपास है। रात का सबसे कम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस भीलवाड़ा में दर्ज किया गया। राज्य के कुछ भागों में आगामी दिनों में अधिकतम तापमान में और 1-2 डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी होने तथा आगामी 3-4 दिन पश्चिमी व उत्तर-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं हीटवेव दर्ज होने की संभावना है। इस दौरान राज्य के उत्तर पश्चिमी भागों में कहीं-कहीं अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री दर्ज होने की संभावना है। आगामी दिनों में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 25 अप्रेल को पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों तथा तथा 26 से 28 अप्रेल को पश्चिमी व उत्तरी भागों में दोपहर बाद मेघगर्जन के साथ कहीं धूलभरी आंधी व हल्की बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश