home page

केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित तीन दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ

 | 
केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित तीन दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ


धौलपुर, 12 जून (हि.स.)। केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों 12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के शीर्षक पर आधारित तीन दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ शुक्रवार को सूचना केंद्र, में किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीना, जिला अध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत,पूर्व मंत्री जगमोहन बघेल,भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं भाजपा नेत्री नीरजा अशोक शर्मा सहित अन्य अतिथियों ने फीता काटकर किया।

इस अवसर पर अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की। अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीना ने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी आमजन को सरकार की योजनाओं एवं विकासात्मक पहल से अवगत कराने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाना है। प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को योजनाओं की जानकारी मिलने के साथ ही पात्र व्यक्तियों को इनका लाभ लेने के लिए प्रेरणा मिलेगी।

भाजपा जिला अध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत ने आमजन से प्रदर्शनी का अवलोकन कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा भारत के 25 करोड़ नागरिक बहुआयामी गरीबी के जाल से सुरक्षित बाहर निकले, 4 करोड़ से अधिक पक्के पीएम आवासों का निर्माण करवाया गया, 81 करोड़ से अधिक लोगों को हर माह मुफ्त राशन का लाभ मिल रहा, लगभग 9 करोड़ लाभार्थियों का पोषण ट्रैक, किसानों के बैंक खातों में 4.3 लाख करोड़ रूपये की सम्मान राशि का बिना किसी लीकेज के हस्तांतरण हुए।

भाजपा नेत्री नीरजा अशोक शर्मा ने कहा कि किसानों को लागत से कम से कम डेढ़ गुणा एमएसपी की पक्की गारंटी, करीब 2 करोड़ किसान और करीब 3 लाख व्यापारी ई-एनएएम पर पंजीकृत हुए, करीब 37 लाख घरों को पीएम सूर्यघर योजना से 78 हजार रूपये तक की सोलर सब्सिडी का लाभ प्रदान किया गया है।

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. शिवचरण कुशवाह ने कहा कि पीएम आवास योजना (शहरी) में लगभग 9 लाख करोड़ आवंटित कर करीब 1 करोड़ घर लोगों को दिए जा चुके, 2.2 लाख से अधिक स्टार्टअप पंजीकृत हुये। जिसमें 23 लाख से ज्यादा रोजगार मिले, 9 करोड़ से अधिक यात्रियों ने आधुनिक वंदे भारत एक्सप्रेस की यात्रा की, 1155 किमी. में मेट्रो नेटवर्क विकसित किया गया। अब 26 शहरों में विस्तार, 60 करोड़ नागरिकों को 5 लाख तक के सालाना मुफ्त इलाज की सुरक्षा दी जा रही। इसके लिए देशभर के गांवो और कस्बों में 1.8 लाख से ज्यादा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का नेटवर्क स्थापित किया गया।

सहायक निदेशक सूचना एवं जन सम्पर्क राजकुमार मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रदर्शनी 14 जून तक सूचना केंद्र में आमजन के अवलोकन हेतु खुली रहेगी। प्रदर्शनी में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, नवाचारों एवं विकास कार्यों को फ्लेक्स-स्टैंडी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री जगमोहन बघेल, भाजपा नेता धीर सिंह जादौन, मुकेश सक्सैना, विजय त्यागी, कल्पना शर्मा, कमल पहाड़िया, बांकेलाल लोधा, शशि त्यागी, दीपू कुशवाह, विनय परमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप