home page

कृषि विश्वविद्यालय में नई तकनीकों से जुडऩे का मिलेगा बड़ा अवसर

 | 
कृषि विश्वविद्यालय में नई तकनीकों से जुडऩे का मिलेगा बड़ा अवसर


एक दिवसीय कृषि विज्ञान मेला 14 फरवरी को

जोधपुर, 05 फरवरी (हि.स.)। प्रदेश के किसानों को खेती की आधुनिकतम तकनीकें, अनुसंधान तथा नई प्रौद्योगिकियों से रूबरू करवाने के लिए कृषि विश्वविद्यालय जोधपुर व इफको के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय कृषि विज्ञान मेला 2026 का आयोजन 14 फरवरी को किया जाएगा।

विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर वीएस जैतावत ने बताया कि मेले की थीम मरुधरा में विकसित कृषि: आत्मनिर्भर भारत रखी गई है। मेले के दौरान अतिथि के रूप में विभिन्न जनप्रतिनिधि शिरकत करेंगे।

इस मेले में राजस्थान के विभिन्न जिलों के किसान, कृषि व कृषि संलग्न विविध आयामों से जुड़े व्यक्ति, उत्पादक , कृषि उद्यमियों सहित सरकारी व गैर सरकारी संस्थाओं से जुड़े व्यक्ति भागीदारी निभाएंगे। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के प्रसार शिक्षा निदेशालय द्वारा आयोजित इस मेले में कृषि की आधुनिक तकनीकी का प्रदर्शन, नवीनतम कृषि अनुसंधान, जलवायु अनुकूल कृषि तकनीक, डिजिटल कृषि प्रौद्योगिकियों, ड्रोन तकनीकी सहित उन्नत कृषि संयंत्रों का प्रदर्शन कर विस्तार से जानकारी दी जाएगी।

विश्वविद्यालय के कुल सचिव समंदर सिंह भाटी ने बताया कि मेले के दौरान विभिन्न खाद्य सामग्री उत्पादों, श्री अन्न, फूल व फलों के मूल्य संवर्धन से तैयार वस्तुओं की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। उन्होंने जानकारी दी कि सूक्ष्म कृषि सिंचाई, ड्रोन के उपयोग का प्रदर्शन सहित विश्वविद्यालय के कृषि साहित्य प्रकाशन एवं सामग्री भी किसानों के लिए उपलब्ध रहेगी। इस दौरान कृषि से संबद्ध अन्य सरकारी विभागों की प्रदर्शनी का लाभ भी किसान उठा पाएंंगे।

प्रसार शिक्षा निदेशालय के सह निदेशक, डॉ. एमएस चांदावत ने बताया कि मेले के दौरान कृषि विशेषज्ञों के विशेष व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। उन्नत पशुपालन, मशरूम, मधुमक्खी पालन, बूंद बूंद सिंचाई पद्धति, मिलेट्स के लाभ और उत्पादन के वैज्ञानिक तरीकों पर विशेष व्याख्यान होंगे। इस दौरान किसानों को कृषि अनुसंधान क्षेत्रों का भ्रमण करवा कर नये अनुसंधानों से अवगत करवाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश