एमडीएस विश्वविद्यालय की द्वितीय, चतुर्थ एवं षष्ठम सेमेस्टर परीक्षाएं संपन्न
अजमेर, 30 सितम्बर (हि.सं.)। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर की स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की द्वितीय, चतुर्थ एवं षष्ठम सेमेस्टर की समस्त परीक्षाएं आज निर्विघ्न एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो गईं। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा परीक्षा आयोजन की समुचित व्यवस्थाओं एवं सतत निगरानी के परिणामस्वरूप परीक्षाएं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुईं। विशेष उल्लेखनीय है कि परीक्षा अवधि के दौरान विश्वविद्यालय को किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त नहीं हुई।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. सुनील कुमार टेलर ने बताया कि कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल के सतत मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया गया। कुलगुरु महोदय के निर्देशानुसार परीक्षा प्रक्रिया को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं विद्यार्थी-केंद्रित बनाने के लिए विशेष प्रयास किए गए, जिसके सकारात्मक परिणामस्वरूप सभी परीक्षाएं सफलतापूर्वक संपन्न हुईं।
डॉ. टेलर ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा अब परीक्षा परिणामों को शीघ्र घोषित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इस क्रम में बीकॉम षष्ठम सेमेस्टर का परिणाम 15 अक्टूबर तक घोषित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अन्य सेमेस्टरों के परिणाम भी मूल्यांकन प्रक्रिया पूर्ण होते ही यथाशीघ्र जारी किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों को समयबद्ध रूप से परीक्षा परिणाम उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें उच्च शिक्षा में प्रवेश, आगामी शैक्षणिक गतिविधियों एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
परीक्षा नियंत्रक ने परीक्षा कार्य में संलग्न समस्त केंद्राधीक्षकों, पर्यवेक्षकों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं संबंधित अधिकारियों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के समन्वित प्रयासों से परीक्षा संचालन सुचारु रूप से संभव हो पाया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

