home page

एक पेड़ लोकतंत्र के नाम अभियान से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

 | 
एक पेड़ लोकतंत्र के नाम अभियान से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश


धौलपुर, 05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित एक पेड़ लोकतंत्र के नाम अभियान के तहत जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने आमजन से अधिकाधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

जिला कलक्टर ने कहा कि पृथ्वी पर जीवन के अस्तित्व और प्राकृतिक संतुलन को बनाए रखने में वृक्षों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। एक पेड़ लोकतंत्र के नाम अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की एक महत्वपूर्ण पहल है। इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराना तथा हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सहभागी बनाना है। उन्होंने कहा कि एक पौधा लगाना जितना महत्वपूर्ण है, उससे कहीं अधिक आवश्यक उसकी नियमित देखभाल और संरक्षण करना है ताकि वह विकसित होकर एक सशक्त वृक्ष बन सके। उन्होंने युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा आमजन से पर्यावरण संरक्षण की मुहिम से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़े सकारात्मक परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। इस अवसर पर जिला कलक्टर ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश भी दिया। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी हरिराम मीणा सहित अन्य मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप