home page

आवारा पशु को बचाने के प्रयास में मिनी बस पलटी, 15 लोग घायल

 | 
आवारा पशु को बचाने के प्रयास में मिनी बस पलटी, 15 लोग घायल


नागाैर, 08 मार्च (हि.स.)। जिले में बापोड़-बासनी रोड पर रविवार सुबह एक मिनी बस पलटने से 15 लोग घायल हो गए। सभी लोग शादी समारोह में शामिल होने के लिए बापोड़ से नागौर आ रहे थे। हादसा सुबह बासनी पुलिया से कुछ दूरी पहले हुआ, जब अचानक सड़क पर आए आवारा पशु को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन मोड़ दिया और बस अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से 5 घायलों को बासनी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि 10 घायलों को नागौर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल ले जाया गया।

पीएमओ डॉ. आर.के. अग्रवाल ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल स्टाफ को अलर्ट मोड पर रखा गया था। घायलों को अस्पताल पहुंचते ही तत्काल उपचार शुरू कर दिया गया।

डॉक्टरों के अनुसार अस्पताल लाए गए 10 घायलों में से 8 को प्राथमिक उपचार के बाद सामान्य वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। वहीं दो घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। घायलों में 5 महिलाएं और कुछ बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में घायल सभी लोग आपस में रिश्तेदार हैं और नागौर स्थित सेवा भारती संस्थान में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद पलटी हुई मिनी बस को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया गया। हादसे की खबर मिलते ही घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए और उनकी कुशलक्षेम पूछी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित