home page

आफरी में मनाया अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस

 | 
आफरी में मनाया अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस


जोधपुर, 22 मई (हि.स.)। शुष्क वन अनुसंधान संस्थान जोधपुर द्वारा शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस-2026 का आयोजन निदेशक डॉ. एके त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुआ।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि जैव विविधता संरक्षण के लिए व्यक्तिगत एवं सामूहिक प्रयासों की सक्रिय भूमिका अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रकृति एवं मानव जीवन को सुरक्षित और समृद्ध बनाए रखने के लिए जल संरक्षण, वन्य जीवों के प्रति संवेदनशीलता तथा स्थानीय प्रजातियों के पौधारोपण जैसे कार्य महत्वपूर्ण हैं। कार्यक्रम की शुरुआत पौधारोपण एवं पक्षियों के लिए परिंडे लगाने के साथ हुई। इस अवसर पर समूह समन्वयक शोध डॉ. संगीता सिंह ने इस वर्ष की थीम वैश्विक प्रभाव के लिये स्थानीय स्तर पर कार्य करना के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डालते हुए इसे पारिस्थितिकी तंत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया। वहीं वैज्ञानिक-सी डॉ. सचिन ने भारतीय मरुस्थल की पादप विविधता विषय पर व्याख्यान दिया। कार्यक्रम का संचालन एसीटीओ कुसुम परिहार ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन रमेश बिश्नोई ने प्रस्तुत किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश