home page

आपसी विवाद में युवक के शरीर में घुसाई चार फीट लंबी शॉवर पाइप

 | 
आपसी विवाद में युवक के शरीर में घुसाई चार फीट लंबी शॉवर पाइप


बड़ी आंत को चीरते हुए पेट के अंदर तक पहुंच गई थी पाइप, एमडीएम हॉस्पिटल में ऑपरेशन कर बाहर निकाली

जोधपुर, 16 नवम्बर (हि.स.)। मथुरादास माथुर अस्पताल में एक बेहद असामान्य और गंभीर मामला सामने आया है। आपसी विवाद के दौरान एक युवक के मलद्वार के रास्ते बाथरूम में इस्तेमाल होने वाली करीब साढ़े तीन से चार फीट लंबी शॉवर पाइप शरीर में डाल दी गई। पाइप बड़ी आंत को चीरते हुए पेट के अंदर तक पहुंच गई और वहीं फंस गई। इस गंभीर चोट से युवक की जान पर खतरा उत्पन्न हो गया था। अस्पताल के चिकित्सकों की टीम ने जटिल ऑपरेशन कर पाइप को सफलतापूर्वक बाहर निकाल दिया। अब मरीज की हालत में सुधार हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, गंभीर अवस्था में युवक को मथुरादास माथुर अस्पताल लाया गया। यहां जनरल सर्जरी विभाग के आचार्य एवं यूनिट प्रभारी डॉ. दिनेश दत्त शर्मा ने चिकित्सकीय जांच और आवश्यक परीक्षणों के बाद तत्काल ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। सर्जरी के दौरान चिकित्सकों ने आंत में चीरा लगाकर करीब चार फीट लंबी शॉवर पाइप को अत्यंत सावधानी से बाहर निकाला।

ऑपरेशन की जटिलता इसलिए अधिक थी, क्योंकि पाइप बड़ी आंत को क्षतिग्रस्त करने के बाद पेट के भीतर तक पहुंच गई थी। इससे मूत्रवाहिनी, महाधमनी, अन्य प्रमुख रक्तवाहिनियों और छोटी आंत जैसे महत्वपूर्ण अंगों को नुकसान पहुंचने का गंभीर खतरा था। ऐसी स्थिति में अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर संक्रमण के साथ मरीज की जान भी जा सकती थी। चिकित्सकों ने महत्वपूर्ण अंगों और रक्तवाहिनियों को सुरक्षित रखते हुए आंत की चोट का सर्जिकल उपचार किया।

यह चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन जनरल सर्जरी विभाग के प्रोफेसर एवं यूनिट प्रभारी डॉ. दिनेश दत्त शर्मा के नेतृत्व में सफलतापूर्वक किया गया। सर्जिकल टीम में डॉ. पारंग आसेरी, डॉ. प्रगेश, डॉ. सुची तांबी और डॉ. उमेश कुमार शामिल रहे। एनेस्थीसिया टीम में डॉ. गीता सिंगारिया, डॉ. राजवीर फरौदा, डॉ. धीरज चांडक और डॉ. आभाष छाबड़ा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं नर्सिंग एवं सहयोगी स्टाफ में नर्सिंग ऑफिसर रेखा पंवार, सुमेर सिंह राजपुरोहित, अब्दुल वाहिद और रेणुका जोशी ने सहयोग किया।

अस्पताल अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित ने बताया कि चिकित्सकीय दृष्टि से यह अत्यंत चुनौतीपूर्ण मामला था। विशेषज्ञ चिकित्सकों और पूरी टीम के समन्वित प्रयासों से मरीज को समय पर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया। डॉ. एस.एन. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. बी.एस. जोधा ने सफल ऑपरेशन के लिए पूरी चिकित्सकीय टीम को बधाई दी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश