home page

आत्मरक्षा से साइबर सुरक्षा तक, छात्राओं को जागरूक कर रही जयपुर पुलिस

 | 
आत्मरक्षा से साइबर सुरक्षा तक, छात्राओं को जागरूक कर रही जयपुर पुलिस


आत्मरक्षा से साइबर सुरक्षा तक, छात्राओं को जागरूक कर रही जयपुर पुलिस


जयपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से शहरभर में जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। महानिदेशक/महानिरीक्षक पुलिस सम्मेलन-2024 की सिफारिशों के तहत शनिवार को जयपुर पूर्व, दक्षिण और उत्तर जिले में विशेष अभियान चलाकर छात्राओं और महिलाओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, हेल्पलाइन और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

जयपुर पूर्व जिले में शहीद अभय पारीक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें 350 से अधिक छात्राओं ने भाग लिया। छात्राओं को महिला सुरक्षा और साइबर हेल्पलाइन के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई। सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, ऑनलाइन ठगी से बचाव और साइबर अपराध होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करने के तरीके समझाए गए।

बालिकाओं को विषम परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा करने के लिए व्यावहारिक आत्मरक्षा तकनीकों का प्रशिक्षण भी दिया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (महिला अनुसंधान इकाई) राजेश कुमार शर्मा, सहायक पुलिस आयुक्त (साइबर अनुसंधान इकाई) प्रियंका वैष्णव, महिला थाना थानाधिकारी मंजू चौधरी, कलिका पेट्रोलिंग यूनिट और एनजीओ के सदस्य मौजूद रहे।

जयपुर दक्षिण जिले में पुलिस उपायुक्त राजर्षि राज के निर्देश पर ज्योति नगर थाना क्षेत्र स्थित रावलजी का बाग, अम्बेडकर नगर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (एसआईयूसीएडब्ल्यू) जिज्ञासा और ज्योति नगर थानाधिकारी गुंजन सोनी सहित पुलिसकर्मियों ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को महिला सुरक्षा एवं साइबर हेल्पलाइन के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से सतर्क रहने और किसी भी घटना की तत्काल सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।

जयपुर उत्तर जिले के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में जलमहल की पाल पर विशाल जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें करीब 1500 महिला एवं बालिकाओं ने भाग लिया। पुलिस उपायुक्त उत्तर करण शर्मा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (एसआईयूसीएडब्ल्यू) सुरेन्द्र सिंह, आमेर एसीपी सुरेन्द्र सिंह राणावत और ब्रह्मपुरी थानाधिकारी हेमन्त सिंह की मौजूदगी में सुरक्षा सखी, छात्राओं और सीएलजी सदस्यों से संवाद किया गया।

इस दौरान महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090, साइबर हेल्पलाइन 1930, राजकॉप ऐप और साइबर सुरक्षा के ‘डूज एंड डोन्ट्स’ की जानकारी दी गई। साथ ही कलिका पेट्रोलिंग यूनिट, महिला शक्ति आत्मरक्षा प्रशिक्षण, महिला बीट अधिकारी योजना, वरिष्ठ जन संबल योजना तथा नवीन न्याय संहिता के तहत महिला अपराधों में दंड के प्रावधानों के बारे में भी विस्तार से बताया गया।

पुलिस प्रशासन के अनुसार अभियान का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच संवाद एवं विश्वास को मजबूत करना तथा महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक एवं सशक्त बनाना है। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से साइबर अपराध के मामलों में तत्काल 1930 पर सूचना देने और महिला संबंधी किसी भी समस्या में उपलब्ध पुलिस सहायता का उपयोग करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश