home page

अमृतलाल गहलोत स्टेडियम में खेल सुविधाओ का होगा विस्तार

 | 
अमृतलाल गहलोत स्टेडियम में खेल सुविधाओ का होगा विस्तार


जोधपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। आमजन की खेल एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अमृतलाल गहलोत स्टेडियम चैनपुरा को खेल, स्वास्थ्य, योग एवं फिटनेस गतिविधियों के समग्र केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। स्टेडियम के अध्यक्ष एवं जिला कलक्टर आलोक रंजन के निर्देशन में विभिन्न खेल गतिविधियों के सुचारु संचालन एवं खिलाडिय़ों को नियमित प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए 8 दक्ष प्रशिक्षकों की नियुक्ति की गई है।

नियुक्त प्रशिक्षकों के माध्यम से एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, लॉन टेनिस, क्रिकेट एवं तैराकी सहित विभिन्न खेलों में नियमित प्रशिक्षण एवं अभ्यास की व्यवस्था की जाएगी। इससे शहर के उभरते खिलाडिय़ों को अपनी खेल प्रतिभा को निखारने के लिए बेहतर मंच मिलेगा, वहीं खेलों के प्रति रुचि रखने वाले आमजन भी नियमित शारीरिक गतिविधियों से जुड़ सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य स्टेडियम को केवल प्रतियोगिताओं के आयोजन स्थल तक सीमित न रखते हुए ऐसी सुविधा के रूप में विकसित करना है, जहां विभिन्न आयु वर्ग के लोग खेल एवं शारीरिक गतिविधियों के माध्यम से स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपना सकें। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं स्टेडियम के सचिव आशीष कुमार मिश्रा द्वारा स्टेडियम की व्यवस्थाओं की निरंतर समीक्षा, प्रभावी प्लानिंग तथा विभिन्न विभागों के साथ आवश्यक समन्वय किया जा रहा है। उनके सक्रिय प्रयासों से स्टेडियम में आवश्यक मानव संसाधन एवं संचालन संबंधी व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से सुदृढ़ किया जा सका है। स्टेडियम प्रशासन द्वारा खेल प्रशिक्षण एवं अन्य गतिविधियों के संचालन के साथ-साथ उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग और आमजन को अधिकाधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

योग से स्वास्थ्य के साथ मानसिक संतुलन पर भी जोर

आमजन के स्वास्थ्य एवं समग्र कल्याण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयुष विभाग के परामर्श से योग के विभिन्न बैच भी गठित किए गए हैं। इच्छुक आमजन इन बैचों में शामिल होकर नियमित योग प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। योग भारतीय संस्कृति की प्राचीन एवं समृद्ध विरासत है, जो शारीरिक सुदृढ़ता के साथ मानसिक शांति, एकाग्रता एवं आंतरिक संतुलन स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। स्टेडियम में खेल गतिविधियों के साथ योग को स्थान दिए जाने से शारीरिक स्वास्थ्य और मानसिक कल्याण, दोनों को एक साथ प्रोत्साहन मिलेगा। स्टेडियम के सुचारु एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए 3 सुरक्षा गार्ड, 3 सफाई कर्मचारी एवं 2 पंप ऑपरेटर की भी टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से नियुक्ति की गई है। इससे स्टेडियम परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता तथा पेयजल एवं अन्य आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश