अनंत चतुर्दशी पर धूमधाम से हुआ गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन
दिनभर शहर की सडक़ों और जलसरोवरों पर रही गणपति विर्सजन की धूम
जोधपुर, 25 सितम्बर (हि.स.)। गणेश चतुर्थी से शुरू हुए दस दिवसीय गणपति महोत्सव का समापन शुक्रवार को अनन्त चतुर्दशी पर हुआ। विभिन्न स्थानों व घरों में विराजित गणपति बप्पा की प्रतिमाओं को श्रद्धापूर्वक विदाई और इको फ्रेंडली प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। गणपति विसर्जन के दौरान सुबह से ही घरों व गली-गली में गणपति बप्पा मोरया की गूंज सुनाई देने लग गई। युवाओं व महिलाओं की टोलियों ने गाजे-बाजे के साथ गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन किया। शहर के प्राचीन जलाशय गुलाबसागर के पास नगर निगम द्वारा बनाए गए अस्थाई वॉटर टैंक पर प्रतिमा विसर्जन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इन्तजाम किए गए थे।
जोधपुर शहर के विभिन्न कॉलोनियों, बस्तियों व मोहल्लों में मनाए जा रहे गणपति महोत्सव के समापन पर अनंत चतुर्दशी पर सुबह से ही मूर्ति विसर्जन के लिए ढोल की थाप और गणपति बप्पा मोरया के जैकारों की गूंज सुनाई देने लग गई। उत्साह से लबरेज लोग अलग-अलग अंदाज में बप्पा को विदा देने निकल पड़े। ये लोग विभिन्न वाहनों की मदद से जलाशयों तक पहुंचे। डीजे की धुनों पर थिरकते युवाओं और महिलाओं ने रवानगी से पूर्व गणपति की विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान गणपति विसर्जन के समय शहरभर की पुलिस को अलर्ट किया गया।
जलाशयों व मार्गों से निकलने वाली गणपति यात्रा के मद्देनजर पुलिस का माकूल बंदोबस्त किया गया। कई लोग बाकायदा शोभायात्रा के रूप में गणपति प्रतिमा को ट्रैक्टर ट्रॉली, लोडिंग टैक्सियों, खुली जीपों पर सजाकर डीजे की धुनों पर नाचते-गाते हुए सरोवरों तक पहुंचे। हर तरफ गणपति बप्पा के भजनों की स्वर लहरियां सुनाई दे रही थी। शहर में मुख्य रूप से गुलाब सागर के पास नगर निगम द्वारा बनाए गए अस्थाई वॉटर टैंक में प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। गणेश महोत्सव समिति, मौहल्ला विकास समितियों व धार्मिक समितियों की ओर से स्थापित अधिकांश प्रतिमाएं अपने-अपने क्षेत्र से जालोरी गेट पहुंची।
यहां गणेश प्रतिणाओं की पूजा अर्चना और प्रतिमाओं को लगाने वाले आयोजकों का शिवसेना की ओर से स्वागत किया गया। इसके बाद जालोरी गेट से शोभायात्रा निकाली गई। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे गणेश महोत्सव का समापन भी गणपति प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ हो गया। इधर अनंत चतुर्दशी पर्व पर महिलाओं ने सौभाग्य की रक्षा, ऐश्वर्य की प्राप्ति के लिए व्रत रखा और और वैष्णव भक्त अनंत भगवान के रूप में विष्णु का पूजन किया। इसके साथ ही भक्तों की ओर से अनन्त चतुर्दशी का उपवास व उद्यापन किया गया।
अनंत चतुर्दशी के अवसर पर गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर नगर निगम की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई। गुलाब सागर में इस वर्ष सफाई एवं अन्य कार्यों के चलते पानी खाली होने के कारण निगम ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वैकल्पिक विसर्जन व्यवस्था की। आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि गुलाब सागर पर नगर निगम की ओर से 8 फीट चौड़ा, 20 फीट लंबा और 4 फीट ऊंचा अस्थाई वॉटर टैंक तैयार किया गया। यहां श्रद्धालुओं द्वारा लाई गई गणपति प्रतिमाओं को जल स्नान करवाने की व्यवस्था रही। इसके बाद नगर निगम के ट्रैक्टरों के माध्यम से प्रतिमाओं को नांदड़ी गौशाला ले जाया गया, जहां उनके विसर्जन की व्यवस्था की गई।
रातानाड़ा स्थित गणेश मंदिर में अनंत चतुर्दशी के अवसर पर धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित किए गए। पुजारी कमल किशोर, शिवशंकर व मनीष शर्मा ने बताया कि गजानंद महाराज का पंचामृत अभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। दूर्वा, इत्र एवं गंगाजल से भगवान को स्नान करवाकर नवीन वस्त्र धारण करवाए गए और आकर्षक श्रृंगार किया गया।मंदिर पुजारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि भगवान गणपति को ऋतु फल-फूल, मोदक, लड्डू एवं मेवों से 1008 अर्चन कर भोग अर्पित किया गया। मंदिर परिसर को ऋतु पुष्पों से आकर्षक रूप से सजाया गया। अनंत चतुर्दशी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गजानंदजी के दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की।
शहर के डीडीपी नगर में गणपति महोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया गया। विनायक सेना द्वारा विराजमान भगवान गणेश के पंडाल में रोजाना सुबह-शाम जागरण का आयोजन महिलाओं द्वारा किया गया जिसमें महिलाओं ने बहुत बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। गंगा भागचंदानी, सिमरन भागचंदानी सहित महिला भजन मंडली ने गणपति बप्पा मोरया, मंगल मूर्ति मोरया जैसे भजनों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में फिल्म डायरेक्टर सुनील पुरोहित रहे, जिनका स्वागत नेमीचंद मेवाड़ा ने माला पहनाकर किया। विशिष्ट अतिथि बेटी एक मुस्कान नई सोच संस्थान की अध्यक्ष स्नेहा भंडारी रही, जिनका स्वागत सिमरन भागचंदानी ने किया। इस अवसर पर विनायक सेना के कमल सुराणा, पीयूष, वैभव, सूरज, कृष, चिराग, आरव, लक्षित, हर्षित, विशाल सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

