अतिक्रमण हटाने पर हंगामा, निगम की टीम से धक्का-मुक्की
-बुजुर्ग ने खुद पर तेल छिडक़ा, हाथ से तोड़ा कांच का गेट, जेसीबी पर चढ़ा युवक
जोधपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। शहर में अवैध निर्माण, कब्जे व अतिक्रमण हटाने की जोधपुर नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी है। इस कार्रवाई के दौरान निगम की टीम को विरोध भी झेलना पड़ रहा है। गुरुवार को निगम की टीम भदवासिया मंडी में अतिक्रमण हटाने पहुंची। इस दौरान जब टीम होटल से अतिक्रमण हटाने लगी तो एक बुजुर्ग ने खुद पर तेल छिडक़ लिया और हंगामा करने लगे। इसके बाद उन्होंने हाथ से कांच का गेट भी तोड़ दिया। वहीं एक युवक की चाय का केबिन हटाया गया, तो वह टीम के साथ धक्का-मुक्की करने लगा। इसके बाद वह विरोध जताते हुए जेसीबी पर चढ़ गया।
दरअसल भदवासिया मंडी मोड़ पर रामदेव रेस्टोरेंट है। यहां होटल के बाहर लगे शेड को हटाया जाना था, जिसका बुजुर्ग मालिक विरोध करने लगा। बुजुर्ग का कहना था कि उनके साथ दूसरे लोगों का भी अतिक्रमण हटाया जाए। कुछ देर तक बहस चलने के बाद, बुजुर्ग अचानक अंदर से ऑयल से भरी बोतल लेकर आया और उसे अपने ऊपर उड़ेल लिया। यह देखते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर हुए इस घटनाक्रम को देखकर निगम की टीम भी हैरान रह गई। टीम ने तुरंत बुजुर्ग को पकड़ा और जैसे-तैसे स्थिति को संभाला। इसके बाद परिवार के लोगों ने उन पर गीला तौलिया डाला। निगम की कार्रवाई के बीच परिवार के सदस्य और स्टाफ बुजुर्ग को रेस्टोरेंट के अंदर ले गए। वहां आक्रोशित बुजुर्ग ने कांच के गेट पर मुक्का मारकर उसे तोड़ दिया। इस घटना में उनके हाथ से खून बहने लगा, जिसके बाद परिजन और स्टाफ के लोग उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर भागे।
नगर निगम की ओर से की जा रही इस कार्रवाई का लगातार विरोध होता रहा। जब टीम विष्णु रेस्टोरेंट के पास लगे चाय के केबिन को जेसीबी की मदद से हटाने लगी, तो एक युवक इसका कड़ा विरोध करने लगा। पुलिस और निगम की टीम ने उसे समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना और टीम के साथ धक्का-मुक्की करने लगा। इसके बाद वह युवक जेसीबी मशीन पर चढ़ गया और मांग करने लगा कि गली और आसपास में हो रहे अन्य अतिक्रमणों को भी हटाया जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

