अजमेर में पीएम मोदी की 28 को सभा, कायड़ विश्रामस्थली पर हुआ भूमि पूजन
अजमेर, 22 फ़रवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 फरवरी को अजमेर दौरे पर रहेंगे। वे कायड़ विश्रामस्थली में आयोजित होने वाली विशाल जनसभा में शामिल होंगे।
इस संबंध में राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बताया कि प्रधानमंत्री की यह सभा प्रेरणादायक होगी और इसमें लाखों लोगों की भागीदारी रहेगी। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक सभा एक नया रिकॉर्ड स्थापित करेगी।
रविवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से सभा स्थल पर विधिवत भूमि पूजन किया गया। इस अवसर पर देवनानी ने सभा स्थल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। भूमि पूजन कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी, जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत, देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भडाणा सहित भाजपा के कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 फरवरी को सुबह 11:30 बजे कायड़ विश्रामस्थली पहुंचेंगे। हेलीपैड पर उतरने के बाद वे सभा स्थल के समीप एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण अभियान की शुरुआत करेंगे। इसके तहत नौ से 14 वर्ष आयु वर्ग की पांच बालिकाओं को टीका लगाया जाएगा। इसके बाद प्रधानमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे। दौरे के दौरान प्रधानमंत्री प्रदेश को लगभग 23,500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें जयपुर मेट्रो का दूसरा चरण, कोटा हवाई अड्डा तथा एनएचएआई की पांच प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास शामिल है। साथ ही 21,000 युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए जाएंगे।
सभा में अजमेर जिले के लगभग 56 हजार लाभार्थियों को लाने की तैयारी की गई है, जिसके लिए 1,120 बसों की व्यवस्था की जा रही है। इनमें से 500 बसें जयपुर से मंगाई जाएंगी, जबकि केकड़ी क्षेत्र के लिए 50 बसें कोटा से लाई जाएंगी। सभा स्थल पर मंच और विशाल डोम निर्माण का कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है।
प्रशासन और भाजपा संगठन स्तर पर तैयारियां जोरों पर हैं, ताकि प्रधानमंत्री की सभा को भव्य और सुव्यवस्थित रूप दिया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

