लुधियाना में खाली प्लॉट से मिला गोला-बारूद, क्षेत्र सील करके जांच शुरू
लुधियाना, 27 नवंबर (हि.स.)। साहनेवाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव ग्यासपुरा में एक खाली प्लॉट की सफाई के दौरान गोला-बारूद मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को सील कर दिया। संदिग्ध सामग्री की जांच के लिए बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया।
पुलिस को दी शिकायत में सिविल लाइंस निवासी सुनील दत्त जैन ने बताया कि ग्यासपुरा में उनका करीब 3100 वर्ग गज का खाली भूखंड है। 26 नवंबर को वह खुदाई मशीन की मदद से भूखंड की सफाई करवा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर वहां पड़े गोला-बारूद पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया।
प्रारंभिक तौर पर बरामद गोला-बारूद काफी पुराना प्रतीत हो रहा है। प्लॉट मालिक ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने वहां गोला-बारूद रखा होगा। शिकायत के आधार पर साहनेवाल थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गोला-बारूद यहां कब और कैसे पहुंचा।
----------------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

