home page

पंजाब विधानसभा में कांशी राम को भारत रत्न देने का प्रस्ताव पास

 | 

- बजट सत्र के अंतिम दिन नेता प्रतिपक्ष प्रताप बाजवा के विरूद्ध निंदा प्रस्ताव पास

चंडीगढ़, 16 मार्च (हि.स.)। पंजाब विधानसभा में सोमवार को बजट सत्र के अंतिम दिन आम आदमी पार्टी के सभी विधायक एलपीजी संकट पर पीले चोले पहनकर सदन में पहुंचे। गैस किल्लत के मुद्दे पर विधायकों और मंत्रियों ने विधानसभा के बाहर और अंदर केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा के विरूद्ध भी सदन में निंदा प्रस्ताव पारित कर दिया गया।

प्रदर्शन के दौरान विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा ने कहा कि गैस एजेंसियों के नंबर पर मिलाने पर फोन मिलता ही नहीं, सिलेंडर की बुकिंग तक नहीं हो रही। खाद्य आपूर्ति मंत्री लाल चंद कटारूचक ने कहा कि लोग गैस के लिए लाइनों में लग रहे हैं। विधायक मनजीत सिंह बिलासपुर ने नेता प्रतिपक्ष प्रताप बाजवा के विरूद्ध प्रस्ताव पेश किया। इसका कांग्रेस विधायकों और बाजवा ने विरोध किया। उन्होंने इस दौरान डिप्टी स्पीकर के खिलाफ नारेबाजी करते हुए वॉकआउट कर दिया। इसके बाद प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास कर दिया गया, जिसके बाद सदन को स्थगित कर दिया गया।

वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कांशीराम को भारत रत्न देने का प्रस्ताव रखा, जिसका कांग्रेस के नेता प्रताप सिंह बाजवा और सुखविंदर सिंह सुक्खी ने समर्थन किया। बाजवा ने कहा कि राहुल गांधी से प्रेरित होकर यह फैसला लिया गया है। वित्त मंत्री ने बताया कि रोपड़ स्थित उनके गांव के स्कूल का नाम उनके नाम पर रखा जाए। दो करोड़ की लागत से स्कूल को अपग्रेड किया जाएगा।

तरनतारन में मोमोज खाने से हुई बच्चों की मौत का मामला मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने उठाया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। सदन में कई विधायकों तथा मंत्रियों ने स्वास्थ्य मंत्री से आग्रह किया कि इस प्रकार का दूषित खाना बेचने वाली दुकानों को सील किया जाए और ठोस कार्रवाई की जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा