पंजाब में राज्यपाल के अभिभाषण पर सदन के भीतर व बाहर कांग्रेस का हंगामा
- विधायकों ने किया बैंड-बाजे के साथ विधानसभा परिसर में प्रदर्शन
चंडीगढ़, 06 मार्च (हि.स.)। पंजाब विधानसभा में शुक्रवार को राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया के बजट अभिभाषण के साथ बजट सत्र की शुरूआत हुई। राज्यपाल ने करीब एक घंटा चार मिनट तक बजट अभिभाषण के दौरान सरकार का रोडमैप पेश किया। राज्यपाल जब विधानसभा में पहुंचे तो मुख्यमंत्री भगवंत मान तथा स्पीकर कुलतार सिंह संधवा ने उनका स्वागत किया।
राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान राष्ट्रगान तो हुआ, लेकिन सदन में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम नहीं बजाया गया। इस पर राज्यपाल ने आपत्ति जताई। राज्यपाल कटारिया ने जैसे ही अपना अभिभाषण शुरू किया, तो कांग्रेस विधायकों ने विरोध शुरू कर दिया। राज्यपाल ने भाषण बीच में रोककर कई बार कांग्रेस विधायकों को शांत रहने की अपील की, लेकिन कांग्रेस का हंगामा जारी रहा।
राज्यपाल के अभिभाषण के बाद सदन की कार्यवाही को दो बजे तक स्थगित कर दिया गया। इसके बाद दोबारा कार्यवाही शुरू हुई, तो कई दिवंगतों को श्रद्धांजलि भेंट की गई। सुबह विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले आप विधायकों ने सदन के बाहर बैंड-बाजे के साथ नेता प्रतिपक्ष प्रताप बाजवा के विरूद्ध प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने कहा कि एमएलए हॉस्टल और विधानसभा के भीतर इस तरह का प्रदर्शन गैरकानूनी है। कांग्रेस विधायक दल नेता बाजवा ने कहा कि इस बारे में राज्यपाल को शिकायत की जाएगी।
विधानसभा के बाहर भी कांग्रेस ने जमकर हंगामा किया। सेक्टर-15 में कांग्रेस दफ्तर के पास आप सरकार के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए विधानसभा की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग करके उन्हें रोक लिया। इस दौरान पुलिस ने उनपर पानी की बौछारें में छोड़ी। इसके बाद पुलिस ने पंजाब कांग्रेस प्रधान राजा वडिंग, बलबीर सिंह सिद्धू समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

