पंजाब में बजट से पहले सस्ती हुई बिजली, जारी रहेगी मुफ्त बिजली योजना
चंडीगढ़, 06 मार्च (हि.स.)। पंजाब सरकार ने राज्य के बिजली उपभोक्ताओं को राहत देते हुए बिजली की दरों में कटौती की है। नई दरें एक अप्रैल से लागू होंगी। पंजाब सरकार ने शुक्रवार को नए रेट जारी करते हुए बताया है कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में 1.5 प्रति यूनिट तक की कमी की गई है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में उपभोक्ताओं को मिल रही 300 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा पहले की तरह जारी रहेगी।
पंजाब स्टेट इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी कमिशन ने बताया कि कमर्शियल उपभोक्ताओं की बिजली दरों में 79 पैसे प्रति यूनिट कम किए गए हैं। औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में 74 पैसे प्रति यूनिट की कमी की गई है। इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशनों के लिए बिजली दरों को पांच रुपए प्रति यूनिट कर दिया गया है। जो कि देश में सबसे कम है। सात किलोवाट 0 से 500 यूनिट तक पुरानी दर 6.89 प्रति यूनिट थी, जिसे घटाकर 6.10 प्रति यूनिट कर दिया गया है। यानी 79 पैसे प्रति यूनिट की कमी की गई है।
सात किलोवाट तक 500 यूनिट से अधिक बिजली खप्त के लिए पहले उपभोक्ताओं को 7.75 प्रति यूनिट देना पड़ता था, अब यह घटकर 7.10 प्रति यूनिट हो गया है। सात किलोवाट से 20 किलोवाट तक शून्य से 500 यूनिट तक पहले दर 6.89 प्रति यूनिट थी, जिसे घटाकर 6.10 प्रति यूनिट कर दिया गया है। यानी 79 पैसे प्रति यूनिट कम किए गए हैं। इसी श्रेणी में 500 यूनिट से अधिक की खप्त पुरानी दर 7.75 प्रति यूनिट थी, जो अब 7.10 प्रति यूनिट कर दी गई है।
20 किलोवाट से 100 किलोवाट तक पहले दर 6.75 प्रति यूनिट थी, अब इसे घटाकर 6.25 प्रति यूनिट कर दिया गया है। 100 किलोवाट से अधिक (सभी यूनिट) पुरानी दर 6.96 प्रति यूनिट थी, जिसे घटाकर 6.45 प्रति यूनिट किया गया है। पहले चार्जिंग के लिए 6.28 प्रति यूनिट देने पड़ते थे, अब यह घटकर 5.00 प्रति यूनिट कर दिया गया है। इस श्रेणी में 1.28 प्रति यूनिट की सबसे बड़ी कटौती की गई है।
पंजाब सरकार प्रति माह 300 यूनिट फ्री बिजली उपभोक्ताओं को देती है। इससे ज्यादा बिजली यूनिट खर्च करने पर उपभोक्ताओं को पूरा बिल देना होता है। अब ऐसे उपभोक्ताओं के बिजली बिल में भी कटौती हो जाएगी। पीएसपीसीएल अब तक 2 किलोवाट लोड तक वाले उपभोक्ताओं से पहली 300 यूनिट का बिल 5.40 रुपए प्रति यूनिट वसूलता है। अगर खपत 300 यूनिट से ज्यादा होती है तो ऊपर की यूनिट की दर 7.75 रुपए थी।
इसी तरह 2 किलोवाट से 7 किलोवाट खपत वाले उपभोक्ताओं से पहले 300 यूनिट का बिल 5.72 रुपए प्रति यूनिट के हिसाब से वसूला जाता है। जबकि 300 से ऊपर की यूनिटों का रेट 7.75 रुपए प्रति यूनिट था। अब सरकार ने सभी रेटो में 1.50 रुपए की कटौती कर दी है। 7 किलोवाट से ज्यादा लोड वाले घरेलू उपभोक्ताओं की बिजली यूनिटों की दरों में 1.50 रुपए प्रति यूनिट की कटौती की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

