पंजाब में प्रत्येक परिवार को दस लाख तक का इलाज मुफ्त, दो हजार करोड़ बजट आवंटित
चंडीगढ़, 08 मार्च (हि.स.)। पंजाब सरकार राज्य के प्रत्येक परिवार को दस
लाख रुपये तक का हेल्थ इंश्योरेंस कवर प्रदान करेगी। इसके लिए बजट में दो हजार करोड़ का प्रावधान किया गया है।
वित्त मंत्री हरपाल चीमा
ने रविवार को बजट में मुख्यमंत्री सेहत योजना शुरू करने का ऐलान करते हुए कहा कि पंजाब का प्रत्येक
परिवार 900 से अधिक सरकारी और सूचीबद्ध अस्पतालों में दस लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज
करवा सकेगा। बजट
भाषण में चीमा ने कहा कि इस योजना के दायरे में पंजाब के 65 लाख परिवार आएंगे। उन्होंने
कहा कि प्रदेश में आम आदमी क्लीनिक का तेजी प्रसार हो रहा है, जिसमें अब तक एक करोड़
55 लाख लोग इलाज करवा चुके हैं।
वित्त मंत्री ने कहा कि प्रदेश में 100 नए आम आदमी क्लीनिक
चालू किए जा रहे हैं। आगामी वित्त वर्ष के दौरान 143 नए क्लीनिक खोल जाएंगे। इसके अलावा
308 उप स्वास्थ्य केंद्रों को अपग्रेड किया जाएगा। चालू वित्त वर्ष के दौरान अस्पतालों
के लिए 300 करोड़ रुपये की लागत से उपकरण खरीदे जाएंगे। वित्त मंत्री ने कहा कि आनंदपुर साहिब
में एक ट्रामा सेंटर के साथ साथ मातृ एवं शिशु देखभाल अस्पताल स्थापित किया जाएगा।
वित्त मंत्री ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में कुल 6879 करोड़ रुपये का बजट आवंटित करने का
ऐलान किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

