चंडीगढ़ में निगम चुनाव का ऐलान, 23 दिसंबर को होगा मतदान
-26 दिसंबर को घोषित होगा चुनाव परिणाम
चंडीगढ़, 20 नवंबर (हि.स.)। चंडीगढ़ में नगर निगम चुनाव का बिगुल बज गया है। नगर निगम के 35 वार्डों के लिए 23 दिसंबर को मतदान होगा, जबकि 26 दिसंबर को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही शहर में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
चंडीगढ़ के राज्य चुनाव आयुक्त विजय देव ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में बताया कि इस चुनाव में कुल 4,60,209 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। चुनाव प्रचार पर रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक रोक रहेगी। नगर निगम में कुल 35 वार्ड हैं। पार्षदों का चुनाव पांच साल के लिए होता है, जबकि मेयर का चुनाव हर साल पार्षदों द्वारा किया जाता है।
राज्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया 26 नवंबर से शुरू होगी। इसी दिन उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 3 दिसंबर निर्धारित की गई है। 4 दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि उम्मीदवार 7 दिसंबर तक अपने नाम वापस ले सकेंगे।
चुनाव आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, 23 दिसंबर को मतदान होगा और 26 दिसंबर को मतगणना कराई जाएगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 31 दिसंबर 2026 तक संपन्न कर ली जाएगी।
विजय देव ने बताया कि चुनाव के लिए 576 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे और मतदान ईवीएम के माध्यम से होगा। प्रत्याशी चुनाव प्रचार पर अधिकतम साढ़े सात लाख रुपये खर्च कर सकेंगे। पिछली बार खर्च की यह सीमा पांच लाख रुपये थी। मतदान सुबह 7:30 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। इस दौरान मतदान प्रक्रिया में कोई विराम नहीं रहेगा।
चुनाव कार्यक्रम
- 26 नवंबर : नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू- 3 दिसंबर : नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख- 4 दिसंबर : नामांकन पत्रों की जांच- 7 दिसंबर : नाम वापस लेने की अंतिम तारीख- 23 दिसंबर : मतदान- 26 दिसंबर : मतगणना- 31 दिसंबर : चुनाव प्रक्रिया पूरी करने की अंतिम तारीख-----------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

