home page

अमृतसर में 12 किलो हेरोइन बरामद, नशा तस्करी मॉड्यूल के तीन सदस्य गिरफ्तार

 | 
अमृतसर में 12 किलो हेरोइन बरामद, नशा तस्करी मॉड्यूल के तीन सदस्य गिरफ्तार


चंडीगढ़, 03 मई (हि.स.)। काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने सीमा पार से नशा तस्करी करने वाले मॉड्यूल के तीन सदस्यों को 12 किलो हेरोइन सहित गिरफ्तार कर इस नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।

पंजाब पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने रविवार काे बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान गुरजंट सिंह निवासी गांव सकतरा (तरनतारन), अरविंदर सिंह और जशनप्रीत सिंह निवासी गांव बुग्गा जिला तरनतारन के रूप में हुई है। नशीले पदार्थों की खेप बरामद करने के अलावा पुलिस टीमों ने मोटरसाइकिल (पीबी 46 ए एल 2286) भी जब्त की है।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि अमृतसर पुलिस को सूचना मिली थी कि गुरजंट को ड्रोन के जरिए बड़ी खेप प्राप्त हुई है और वह इसे अपने साथियों तक पहुंचाने जा रहा है। इस पुख्ता सूचना पर पुलिस टीमों ने अमृतसर-छब्बाल रोड पर टोल प्लाजा के पास विशेष नाकाबंदी की। इस दौरान पुलिस ने तीनों लोगों को रोका और तलाशी लेने पर उनके पास से 12 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गुरजंट सिंह पाकिस्तानी तस्कर के संपर्क में था। पाकिस्तानी तस्कर ने गुरजंट को उसके गांव के आसपास ड्रोन के जरिए सीमा पार से भेजी गई हेरोइन की खेप उठाने की जिम्मेदारी सौंपी थी, जिसे उसे आगे अपने साथियों अरविंदर सिंह और जशनप्रीत सिंह तक पहुंचाना था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा