जीरकपुर नेचर पार्क में गर्दन कटी लाश मिलने से हड़कंप, हत्या की आशंका
जीरकपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। जीरकपुर के पीरमुछल्ला स्थित नेचर पार्क में गुरुवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का गर्दन कटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह सैर के लिए पार्क पहुंचे लोगों ने जमीन पर शव पड़ा देखा, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम के साथ फोरेंसिक विशेषज्ञ भी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस इस पहलू पर भी काम कर रही है कि हत्या नेचर पार्क में ही की गई थी या किसी अन्य स्थान पर वारदात को अंजाम देने के बाद शव को यहां लाकर छोड़ा गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास का क्षेत्र सुरक्षित कर फोरेंसिक टीम की मदद से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस के अनुसार घटना की सूचना सुबह करीब नौ बजे मिली थी। इसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने आसपास के इलाके की जांच की। पार्क के मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला नहीं लगा हुआ था, जिससे यहां लोगों के आने-जाने की संभावना बनी रहती है।
नेचर पार्क में हरियाणा की तरफ से आने-जाने का रास्ता है, जबकि पंचकूला की दिशा से भी यहां पहुंचा जा सकता है। पुलिस इन रास्तों और आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों से संबंधित जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि रात के समय पार्क में कौन-कौन आया या गया था। घटना की कड़ियां जोड़ने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच कर रही है। इसके अलावा आसपास रहने वाले लोगों और पार्क में सुबह आने वाले लोगों से भी जानकारी ली जा रही है। पुलिस मृतक की पहचान के लिए भी प्रयास कर रही है।
फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम के बाद मौत की परिस्थितियों से जुड़े कई सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शव यहां कैसे पहुंचा और घटना के पीछे क्या कारण रहा। मामले की जांच जारी है।
--------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

