home page

अकाली दल वारिस पंजाब दे ने मजीठा से पपलप्रीत सिंह को उम्मीदवार घोषित किया

 | 
अकाली दल वारिस पंजाब दे ने मजीठा से पपलप्रीत सिंह को उम्मीदवार घोषित किया


चंडीगढ़, 22 अगस्त (हि.स.)। अकाली दल वारिस पंजाब दे ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए मजीठा विधानसभा सीट से पपलप्रीत सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। पपलप्रीत सिंह खडूर साहिब से सांसद और पार्टी प्रमुख अमृतपाल सिंह का करीबी सहयोगी और लंबे समय से उनके साथ जुड़ा रहा है।

पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष और अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह ने शुक्रवार को मजीठा हलके में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पपलप्रीत सिंह के नाम का ऐलान किया।

पपलप्रीत सिंह का नाम अजनाला पुलिस स्टेशन की घटना के बाद अमृतपाल सिंह के साथ जुड़ा रहा है। इसके बाद दोनों को असम की डिब्रूगढ़ जेल में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत हिरासत में रखा गया था। पपलप्रीत की एनएसए हिरासत 10 अप्रैल 2025 को खत्म होने के बाद उसे पंजाब की जेल में स्थानांतरित कर दिया गया था।

पपलप्रीत सिंह को अप्रैल 2023 में अमृतसर के कथुनंगल इलाके से ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन के खिलाफ हुई कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किया गया था। सिंह को अमृतपाल सिंह के प्रमुख सलाहकारों में से एक माना जाता है।

पपलप्रीत सिंह सिख कार्यकर्ता के तौर पर भी सक्रिय रहा है। वर्ष 2015 में सरबत खालसा के दौरान दिए गए एक भाषण के बाद उन्हें राजद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

पपलप्रीत सिंह मजीठा क्षेत्र के मराड़ी गांव निवासी है। वो इलाके में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। सिंह ने अपने गांव को नशामुक्त घोषित कराने के लिए अभियान चलाया था। इसके अलावा क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए भी काम किया है।

अकाली दल वारिस पंजाब दे की ओर से मजीठा से उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद आगामी विधानसभा चुनाव में इस सीट पर मुकाबला दिलचस्प होने के आसार हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH