भारत में अवैध रूप से दाखिल दो पाकिस्तानी नागरिकों को बीएसएफ ने पकड़ा
चंडीगढ़, 22 मई (हि.स.)। बीएसएफ के जवानों ने भारत-पाकिस्तान सीमा से अवैध रूप से भारतीय क्षेत्र में दाखिल हुए दो पाकिस्तानी नागरिकों को उनकी निजी गाड़ी समेत पकड़ा है। दोनों व्यक्ति लाहौर के रहने वाले बताए जा रहे हैं और फिलहाल उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
बीएसएफ के अनुसार दोनों पाकिस्तानी नागरिक पाकिस्तान के कसूर इलाके में दुकानों पर अलग-अलग तरह का सामान सप्लाई करने का काम करते थे। वे अपनी निजी गाड़ी में सवार होकर सीमा क्षेत्र की तरफ आए और गलती या अन्य कारणों से भारतीय सीमा में प्रवेश कर गए, जहां सीमा पर तैनात बीएसएफ जवानों ने उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान मोहम्मद लाहौर के नास्टर कॉलोनी, फिरोजपुर रोड निवासी सलीम पुत्र नजीर अहमद (उम्र 60 वर्ष) और जसहीन टाउन, गज्जी रोड निवासी अमीर नवाज पुत्र मोहम्मद नवाज के रूप में हुई है।
बीएसएफ के अधिकारियों ने जीरो लाइन पर खड़े होकर पाकिस्तान रेंजर्स के अधिकारियों को भी इस घटना की जानकारी दे दी है। फिलहाल दोनों पाकिस्तानी नागरिकों से अमृतसर सेक्टर में बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी गहन पूछताछ कर रहे हैं। जानकारी यह भी सामने आई है कि दोनों व्यक्ति अपनी निजी गाड़ी पर ही भारतीय सीमा में दाखिल हुए थे। बीएसएफ ने नागरिकों के साथ-साथ गाड़ी को भी अपने कब्जे में ले लिया है। सुरक्षा एजेंसियां मामले के हर पहलू की जांच में जुटी हुई हैं।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

