home page

मोतियाबिंद का इलाज मुख्यमंत्री सेहत योजना में शामिल

 | 

अयाली बोले- खालड़ा मामले में आम आदमी पार्टी दोषी

चंडीगढ़, 03 अगस्त (हि.स.)। पंजाब विधानसभा में सोमवार को ध्यानाकर्षण प्रस्ताव में मोतियाबिंद के इलाज का मुद्दा उठा। सेहत बीमा योजना में इस बीमारी के इलाज को शामिल करने की मांग की गई। इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सेहत बीमा योजना में मोतियाबिंद का इलाज पहले से ही शामिल है। यह रिजर्व पैकेज के तहत कवर है। लाभार्थी सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ निजी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में भी इलाज करवा सकते हैं।

विधायक मनप्रीत अयाली ने कहा कि सतलुज फिल्म पर केंद्र सरकार ने प्रतिबंध लगा दिया था। जिस समय की फिल्म है, उस समय पंजाब में कांग्रेस की सरकार थी। डीजीपी केपीएस गिल की अगुवाई में लोगों पर अत्याचार हुए। इसी दौरान मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा ने लापता हुए लोगों का रिकॉर्ड जुटाया। वह कनाडा भी गए। वर्ष 1995 में जब वह वापस आए तो पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उन पर अत्याचार किए गए। 25 हजार लावारिस लोगों की तलाश करते-करते वह खुद लावारिस लाश बन गए।

उन्होंने कहा कि इस फिल्म से पता चलता है कि उस समय युवाओं पर किस तरह अत्याचार हुए। बीबी खालड़ा ने सवाल उठाया कि उस समय के अधिकारी जसपाल सिंह, सतनाम सिंह और जसबीर सिंह कहां हैं। आज तक उनके बारे में कोई जानकारी नहीं है। इसके लिए कांग्रेस, अकाली दल और बीजेपी जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने फिल्म पर प्रतिबंध लगाया। इन लोगों को रिहा किया जाना चाहिए।

इस पर वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने जवाब देते हुए कहा कि अयाली साहब ने अपना पाला बदल लिया है। यह भी दोषी हैं, क्योंकि अकाली दल ने अपने घोषणा पत्र में लिखा था कि वह इंसाफ दिलाएंगे। अब इन्हें लगता है कि इस मुद्दे पर रोटियां सेंककर आगे बढ़ सकते हैं। इस मामले में इनकी पार्टी कांग्रेस से भी ज्यादा दोषी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा