home page

अमृतसर में नशे और अवैध हथियारों के तीन नेटवर्क का भंडाफोड़, नौ गिरफ्तार

 | 
अमृतसर में नशे और अवैध हथियारों के तीन नेटवर्क का भंडाफोड़, नौ गिरफ्तार


अमृतसर, 19 अगस्त (हि.स.)। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन कथित नेटवर्क का भंडाफोड़ करने का दावा किया है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 8 अवैध पिस्तौल, 8.536 किलोग्राम हेरोइन, 12.95 लाख रुपये की संदिग्ध ड्रग मनी और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के जरिए इन कार्रवाइयों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि कमिश्नरेट पुलिस की विभिन्न टीमों द्वारा अलग-अलग मामलों की जांच के दौरान यह सफलता हासिल की गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे। आरोप है कि विदेशी हैंडलरों की ओर से उन्हें अवैध हथियारों और हेरोइन की खेप उपलब्ध कराई जाती थी, जिसे बाद में वे अन्य आपराधिक तत्वों तक पहुंचाते थे।

पुलिस के अनुसार, बरामदगी से इन नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। इस संबंध में थाना कैंटोनमेंट और थाना छेहरटा में तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर इन नेटवर्क की आगे और पीछे की कड़ियों को खंगाल रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य नशे और हथियारों की सप्लाई करने वाले लोगों, विदेशी हैंडलरों तथा स्थानीय स्तर पर जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान करना है।

जांच अधिकारी यह भी पता लगाने में जुटे हैं कि विदेशी हैंडलरों के पंजाब में सक्रिय अन्य आपराधिक नेटवर्क से क्या संबंध हैं और बरामद नशे व हथियारों की खेप किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी। पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।

----

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH