मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर झोटा का रविवार को होगा अंतिम संस्कार, धरना स्थल पर होंगे अंतिम दर्शन
- पिता ने एसएसपी के तबादले की उठाई मांग
- बोले- तब तक अन्न का एक दाना भी नहीं खाऊंगा
चंडीगढ़, 07 नवंबर (हि.स.)। पंजाब के मानसा में 13 अक्टूबर को गोली मारकर हत्या किए गए नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा का रविवार को दीपावली के दिन अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनका अंतिम संस्कार चकेरिया रोड स्थित परिवार की पैतृक जमीन पर होगा। दोपहर 12 बजे से 1 बजे के बीच उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी।
एक्शन कमेटी के अनुसार अंतिम संस्कार से पहले पार्थिव शरीर को उनके घर ले जाया जाएगा। इसके बाद अंतिम दर्शन के लिए धरना स्थल पर रखा जाएगा। वहां से अंतिम यात्रा पैतृक खेत की ओर रवाना होगी।
इससे पहले शनिवार को चंडीगढ़ स्थित पीजीआई में परविंदर झोटा का पोस्टमार्टम किया गया। उनका पार्थिव शरीर शुक्रवार को ही अस्पताल पहुंच गया था, लेकिन करीब 24 दिनों तक शीतगृह में रखे जाने के कारण शरीर का तापमान सामान्य होने में समय लगा, जिससे पोस्टमार्टम प्रक्रिया में देरी हुई।
परविंदर झोटा के पिता भीम सिंह ने पंजाब सरकार से मानसा के एसएसपी वैभव चौधरी का तत्काल तबादला करने की मांग की है। उनका आरोप है कि जिले में नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण उनके बेटे की हत्या हुई।
भीम सिंह ने कहा कि जब तक एसएसपी का तबादला नहीं किया जाता, तब तक वह भोजन ग्रहण नहीं करेंगे। उन्होंने दावा किया कि इस मुद्दे पर कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां और विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां के साथ हुई बैठक में भी चर्चा की गई थी।
वहीं, परविंदर झोटा की पत्नी मनप्रीत कौर ने सरकारी नौकरी और दो करोड़ रुपये के मुआवजे को लेकर सोशल मीडिया पर की जा रही आलोचना पर कड़ी नाराजगी जताई है।
उन्होंने भावुक होकर कहा कि परिवार पहले ही अपने सदस्य को खोने का गहरा दुख झेल रहा है। ऐसे में मुआवजे और नौकरी के मुद्दे पर निशाना बनाने वाले लोग उनके परिवार की पीड़ा को और बढ़ा रहे हैं। उन्होंने आलोचना करने वालों के प्रति बेहद तीखे शब्दों में अपना गुस्सा जाहिर किया।
गौरतलब है कि नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले परविंदर सिंह झोटा की 13 अक्टूबर को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद से परिवार और समर्थक न्याय की मांग कर रहे हैं।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

