तरनतारन में ममेरी बहन से शादी करने पर युवक की गोली मारकर हत्या
चंडीगढ़, 05 अक्टूबर (हि.स.)। पंजाब के तरनतारन में मामा की लड़की से प्रेम विवाह करने पर युवक की हत्या कर दी गई, जबकि उसके पिता की हालत अभी गंभीर बनी हुई है। लड़की के परिजनों ने घर आकर पिता और बेटे को गोली मार दी।
पुलिस के अनुसार झबाल थाना क्षेत्र के पंजवार गांव निवासी अमृतपाल सिंह ने करीब डेढ़ महीने अपने मामा की बेटी लक़ी से लव मैरिज की थी। इसी को लेकर लड़की के परिवार के साथ रंजिश चल रही थी। रविवार शाम लक़ी के परिवार के कुछ लोग अमृतपाल के घर पहुंचे। यहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान लड़की के परिजनों ने अमृतपाल और उसके पिता कश्मीर सिंह पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों ने दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अमृतसर के प्राइवेट अस्पताल रेफर किया गया। यहां इलाज के दौरान आज अमृतपाल की मौत हो गई। उसके पिता कश्मीर सिंह का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
डीएसपी सुखबीर सिंह ने बताया कि मामला पुलिस के ध्यान में आया है। इसकी जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

