home page

तरनतारन में सरहाली थाने पर ग्रेनेड हमले के आरोपित की गोली मारकर हत्या

 | 
तरनतारन में सरहाली थाने पर ग्रेनेड हमले के आरोपित की गोली मारकर हत्या


तरनतारन, 12 सितंबर (हि.स.)। जिले के नौशहरा पन्नूआं गांव में शुक्रवार देर रात एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका नाम वर्ष 2022 में सरहाली थाने पर हुए रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड हमले के मामले में सामने आया था। वह इस मामले में बठिंडा जेल में बंद रहा था और फिलहाल जमानत पर बाहर आया हुआ था।

पुलिस के मुताबिक अजमीत सिंह गांव के सरकारी अस्पताल के बाहर मौजूद था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और उस पर गोलियां चला दीं। हमले में गंभीर रूप से घायल अजमीत सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अजमीत सिंह की हत्या के पीछे क्या वजह रही, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस पुरानी रंजिश, आपराधिक विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

पुलिस जांच में अजमीत सिंह का नाम 9 दिसंबर, 2022 को सरहाली थाने पर हुए आरपीजी हमले के दौरान सामने आया था। उस समय रात करीब 11:18 बजे दो नाबालिग हमलावरों ने थाने की इमारत को आरपीजी-26 से निशाना बनाया था। घटना के बाद पंजाब पुलिस ने इस मामले में विदेश से संचालित नेटवर्क से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का खुलासा करने का दावा किया था। इसी मामले में अजमीत सिंह को गिरफ्तार किया गया था और वह बठिंडा जेल में बंद था। बाद में उसे जमानत मिल गई थी।

एसपी इन्वेस्टिगेशन डॉ. रिपुतापन सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।

------------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH