home page

तरनतारन में लगी किसान चौपाल, शिवराज सिंह चौहान ने किसानों की समस्याएं सुनीं

 | 
तरनतारन में लगी किसान चौपाल, शिवराज सिंह चौहान ने किसानों की समस्याएं सुनीं


- पंजाब सरकार से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू करने का आग्रह, पराली नहीं जलाने वाले किसानों को किया सम्मानित

तरनतारन, 24 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को तरनतारन जिले के गांव बूह हवेलियां में आयोजित किसान चौपाल में शिरकत की। उन्होंने खेतों के बीच किसानों के साथ बैठकर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। इस दौरान पराली जलाए बिना आधुनिक खेती करने वाले प्रगतिशील किसानों और पंचायतों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि वह कोई राजनीतिक सभा करने नहीं, बल्कि किसानों के सेवक के रूप में उनकी समस्याएं समझने आए हैं।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत करके पूरे देश का पेट भरता है। श्री गुरु नानक देव जी ने अहंकार, ईर्ष्या और द्वेष से दूर रहकर सेवा करने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि मंत्री पद जनता की सेवा के लिए मिला है और किसानों की सेवा ही उनके लिए सतगुरु की सच्ची पूजा है। केंद्रीय मंत्री ने हरित क्रांति में पंजाब के किसानों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि रासायनिक खाद, कीटनाशकों के अत्यधिक इस्तेमाल और पराली जलाने से मिट्टी की उर्वरता प्रभावित हो रही है। उन्होंने पिछले छह वर्षों से पराली नहीं जलाने वाले बूह हवेलियां और आसपास के किसानों की प्रशंसा की।

किसानों ने पराली प्रबंधन और कृषि मशीनों पर मिलने वाले अनुदान से संबंधित समस्याएं उठाईं। चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार इस वर्ष फसल अवशेष प्रबंधन के लिए पंजाब को करीब 286 करोड़ रुपये दे रही है। किसानों को गुणवत्तापूर्ण मशीनें उपलब्ध करवाना और उनकी मरम्मत सुनिश्चित करना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। केंद्रीय मंत्री ने पंजाब सरकार से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू करने का आग्रह किया। उन्होंने खेती को लाभकारी बनाने के लिए फसल विविधीकरण, पशुपालन, मछली पालन और मुर्गी पालन अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसलों की खरीद जारी रखने का भी भरोसा दिलाया।

पत्रकारों से बातचीत में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पंजाब की जनता कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की सरकारें देख चुकी है। अब भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के दोबारा साथ आने से प्रदेश की प्रगति और विकास का नया मार्ग खुलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि पंजाब की जनता गठबंधन को अपना आशीर्वाद देगी।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH