home page

नशा विरोधी वेलनेस वॉकथॉन को राज्यपाल ने दिखाई हरी झंडी

 | 
नशा विरोधी वेलनेस वॉकथॉन को राज्यपाल ने दिखाई हरी झंडी


चंडीगढ़, 05 सितंबर (हि.स.)। पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने शनिवार को सुखना लेक से एंटी-ड्रग एंड वेलनेस वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने लोगों से नशे के खिलाफ लड़ाई में सक्रिय भागीदारी करने और नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की।

मीडिया से बातचीत करते हुए राज्यपाल ने कहा कि पंजाब और चंडीगढ़ गुरुओं तथा वीरों की धरती है और यहां के लोगों में हर बुराई के खिलाफ लड़ने की परंपरा रही है। पंजाब के देश की रक्षा और सुरक्षा में योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश ने स्वतंत्रता से पहले से लेकर अब तक देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अनेक बलिदान दिए हैं। उन्होंने क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थों की आमद पर चिंता जताते हुए कहा कि ऐसे नेटवर्क स्थानीय स्तर पर सहयोग के बिना नहीं चल सकते। राज्यपाल ने कहा कि यह चिंताजनक है कि कुछ लोग नशे के कारोबार को कमाई का जरिया बना रहे हैं, जबकि इसका सीधा असर आने वाली पीढ़ियों के भविष्य पर पड़ता है। उन्होंने ऐसे लोगों से इस रास्ते को छोड़ने और समाज के हित में काम करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान चंडीगढ़ और देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इनमें एशियन बॉक्सिंग अंडर-15 और अंडर-17 चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता गुरसीरत कौर, कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप की स्वर्ण पदक विजेता यशकीरत कौर हेयर, आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में रजत पदक जीतने वाली पिस्टल शूटर संयम विज और एशियन जूनियर चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता जूडो खिलाड़ी एंजेल यादव शामिल रहीं।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH