home page

पंजाब सरकार ने सीजन 2026-27 के लिए गन्ने का भाव बढ़ाकर 431 रुपये प्रति क्विंटल किया

 | 

चंडीगढ़, 25 नवंबर (हि.स.)। पंजाब सरकार ने पेराई सीजन 2026-27 के लिए गन्ने का भाव बढ़ाकर 431 रुपये प्रति क्विंटल करने की घोषणा की है, जो पूरे देश में गन्ने की सबसे अधिक कीमत है। चंडीगढ़ में बुधवार काे उच्च-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फैसला किसान समुदाय के कल्याण और आर्थिक समृद्धि के मद्देनजर लिया गया है।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि किसानों के लिए सुविधा सुनिश्चित करने के लिए राज्य भर की शुगर मिलें 25 नवंबर से कामकाज शुरू करेंगी। हमारी सरकार हमारे अन्नदाताओं की समृद्धि के लिए उनकी फसलों का पूरा बाजार मूल्य दिलाने के लिए दृढ़ है। हमारी सरकार ने 2026-27 सीजन के लिए गन्ने का भाव बढ़ाकर 431 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है, जो देश में सबसे अधिक है। इस बढ़ोतरी से राज्य भर के हजारों गन्ना उत्पादक किसानों को बड़ी वित्तीय राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान देश का पेट भरने और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए दिन-रात अथक मेहनत करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि यह सरकार की जिम्मेदारी है कि उनकी कड़ी मेहनत का बनता पूरा मूल्य मिले। उन्होंने कहा कि किसान हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और पंजाब की समग्र प्रगति तथा आर्थिक समृद्धि के लिए किसानों का समृद्ध होना बहुत जरूरी है। हमारी सरकार किसानों के हितों की रक्षा करने, उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने और उनकी उपज का लाभकारी भाव सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 25 नवंबर से शुगर मिलों के शुरू होने से गन्ना उत्पादक किसानों को अपनी फसल समय पर और आसान तरीके से मिलों में लाने की सुविधा मिलेगी। हमारी सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसान समुदाय का भविष्य सुरक्षित करने के लिए लगातार किसान-पक्षीय फैसले ले रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा