श्री हरमंदिर साहिब परिसर में गुटका साहिब के अंग फाड़ने का आरोप, एक व्यक्ति गिरफ्तार
अमृतसर, 03 सितंबर (हि.स.)। अमृतसर पुलिस ने गुरुवार को श्री हरमंदिर साहिब परिसर में कथित बेअदबी की घटना के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि व्यक्ति ने गुटका साहिब के अंग फाड़कर एक महिला श्रद्धालु के दुपट्टे से बांध दिए।
पुलिस के अनुसार महिला अपने परिवार के साथ श्री अकाल तख्त साहिब पर माथा टेक रही थी। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर गुटका साहिब के फटे हुए अंग महिला के दुपट्टे से बांध दिए। महिला को बाद में इसका पता चला, जिसके बाद उसने तुरंत शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के कर्मचारियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद एसजीपीसी की ओर से कोतवाली पुलिस को शिकायत दी गई।
सहायक पुलिस आयुक्त सुरिंदर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत एसजीपीसी कर्मचारी सिमरनजीत सिंह की ओर से दर्ज करवाई गई, जो परिक्रमा क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस और एसजीपीसी अधिकारियों ने श्री हरमंदिर साहिब परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। फुटेज के आधार पर पुलिस ने शहीद ऊधम सिंह नगर निवासी मनदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल घटना के पीछे की वजह और आरोपी की मंशा का पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है।
-------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

