home page

श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार संशोधन अधिनियम पर गतिरोध, 30 नवंबर को होगी बातचीत

 | 

- श्री अकाल तख्त साहिब की विशेषज्ञ समिति ने पंजाब सरकार की समन्वय समिति को भेजा न्योता

अमृतसर, 25 नवंबर (हि.स.)। जगत ज्योत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) अधिनियम-2026 पर गतिरोध समाप्त करने के लिए श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से गठित विशेषज्ञ समिति ने पहल की है। समिति ने पंजाब सरकार की ओर से गठित समन्वय समिति के सदस्यों को 30 नवंबर को श्री आनंदपुर साहिब स्थित तख्त श्री केसगढ़ साहिब में बातचीत के लिए आमंत्रित किया है।

यह बैठक श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से जारी निर्देशों के मद्देनजर प्रस्तावित की गई है। आरोप है कि पंजाब सरकार ने श्री अकाल तख्त साहिब और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को विश्वास में लिए बिना संशोधन अधिनियम पारित किया था। सिख धार्मिक संस्थाओं ने अधिनियम के कुछ प्रावधानों पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि इनसे सिख सिद्धांत और परंपराएं प्रभावित होती हैं। श्री अकाल तख्त साहिब ने 11 मई और 29 जून को निर्देश जारी कर पंजाब सरकार से सिख संगठनों के साथ सहमति बनने तक अधिनियम के क्रियान्वयन पर रोक लगाने को कहा था।

सरकार की समन्वय समिति के संपर्क अधिकारी को लिखे पत्र में विशेषज्ञ समिति के संयोजक लखवीर सिंह ने कहा कि समिति बातचीत के लिए तैयार है। हालांकि, उन्होंने 23 नवंबर को अमृतसर में कुछ ऐसे व्यक्तियों द्वारा दिए गए बयानों पर गंभीर चिंता जताई, जो सरकारी समन्वय समिति के सदस्य भी नहीं हैं। विशेषज्ञ समिति ने इन बयानों को भ्रामक बताते हुए कहा कि इनमें श्री अकाल तख्त साहिब के निर्देशों को सही ढंग से प्रस्तुत नहीं किया गया। समिति ने आरोप लगाया कि 7, 14, 17 और 21 नवंबर को लिखे गए पत्रों के माध्यम से जताई गई आपत्तियों को भी सरकारी समिति ने लगातार नजरअंदाज किया है।

विशेषज्ञ समिति ने पंजाब सरकार से स्पष्ट करने को कहा है कि संशोधन अधिनियम अभी लागू है या श्री अकाल तख्त साहिब के निर्देशों के अनुसार इसके क्रियान्वयन पर रोक लगा दी गई है। समिति ने इस संबंध में जारी किसी सरकारी आदेश या अधिसूचना की जानकारी भी मांगी है। समिति के सदस्यों ने कहा कि 29 जून को संरक्षक संबंधी धारा और अन्य धार्मिक प्रावधानों पर आपत्तियों के समाधान के लिए सरकार को एक महीने का समय दिया गया था। इसके बावजूद सरकार ने न तो कानून में संशोधन करने और न ही इसके क्रियान्वयन पर रोक लगाने के लिए कोई ठोस कदम उठाया है।

समिति ने कहा कि प्रस्तावित बैठक का उद्देश्य पारदर्शिता सुनिश्चित करना, सिख समुदाय में भ्रम की स्थिति दूर करना और पंथक एकता बनाए रखना है। विशेषज्ञ समिति की बैठक में पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति रुपिंदर सिंह सोढ़ी, न्यायमूर्ति मोहिंदर मोहन सिंह बेदी, वरिष्ठ अधिवक्ता पूरन सिंह हुंदल, डॉ. केहर सिंह, प्रो. जगमोहन सिंह और संयोजक लखवीर सिंह उपस्थित रहे।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH