श्री अकाल तख्त साहिब ने दो कीर्तनी जत्थों पर एक महीने की रोक लगाई
- दोनों रागियों को गुरमत की शिक्षा प्राप्त करने और सुबह-शाम लंगर हाल में सेवा करने के निर्देश
अमृतसर, 11 नवंबर (हि.स.)। श्री अकाल तख्त साहिब ने भाई जगजीत सिंह बबीहा और भाई कुलविंदर सिंह खरड़ वाले के कीर्तनी जत्थों पर संगत के समक्ष कीर्तन करने पर एक महीने की रोक लगा दी है। यह रोक 13 नवंबर से 12 दिसंबर तक लागू रहेगी।
यह कार्रवाई श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज के निर्देशों पर की गई है। पिछले कुछ दिनों से दोनों कीर्तनी जत्थों के बीच चल रहे विवाद और श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय में संगत की ओर से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह फैसला लिया गया है।
श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार भाई जगजीत सिंह बबीहा को श्री अमृतसर स्थित शहीद सिख मिशनरी कॉलेज में एक महीने तक गुरमत की शिक्षा प्राप्त करनी होगी।
इसके साथ ही भाई कुलविंदर सिंह खरड़ वाले को श्री आनंदपुर साहिब स्थित गुरमत संगीत अकादमी में एक महीने का प्रशिक्षण लेने के निर्देश दिए गए हैं। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य दोनों रागियों को सिख रहित मर्यादा, संगत में आचरण के नियमों और पारंपरिक गुरमत संगीत के सिद्धांतों से अवगत करवाना है। श्री अकाल तख्त साहिब ने दोनों रागियों को विनम्रता और सेवा भावना विकसित करने के लिए प्रतिदिन सुबह और शाम लंगर हाल में सेवा करने के आदेश भी दिए हैं। एक महीने का प्रशिक्षण पूरा करने के बाद दोनों रागियों को संबंधित शिक्षण संस्थानों से प्राप्त प्रमाणपत्रों के साथ व्यक्तिगत रूप से श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय में उपस्थित होना होगा।
सचिवालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि गुरबाणी कीर्तन गुरु की ओर से बख्शी गई एक दिव्य दात है, जो आत्मा के लिए आध्यात्मिक खुराक का कार्य करती है। आदेश में स्पष्ट किया गया कि गुरबाणी कीर्तन करने वाले व्यक्ति के भीतर गुरु के प्रति श्रद्धा और भय, विनम्रता, सिख रहित मर्यादा का ज्ञान तथा पारंपरिक गुरबाणी संगीत प्रणाली की समझ होना आवश्यक है।
सचिवालय के अनुसार पिछले कुछ समय से भाई जगजीत सिंह बबीहा और भाई कुलविंदर सिंह खरड़ वाले ने गुरबाणी कीर्तन की निर्धारित मर्यादा का उल्लंघन कियाा। इसके अतिरिक्त दोनों रागियों की ओर से सामाजिक माध्यमों और गुरुद्वारों के दीवान हाल से एक-दूसरे के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां करने पर भी चिंता व्यक्त की गई है। श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय ने कहा कि इस प्रकार के आचरण से पारंपरिक कीर्तनियों और संगत की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है।
--------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

