home page

तेज रफ्तार कार ने छात्रा को कुचला, चाय की दुकान से टकराई; दो घायल

 | 

जैतो रेलवे स्टेशन के पास हादसा; प्रत्यक्षदर्शियों का दावा-पुलिस से बचकर भाग रही थी कार, जांच में जुटी पुलिस

चंडीगढ़, 03 अक्टूबर (हि.स.)। फरीदकोट जिले के जैतो रेलवे स्टेशन के पास तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा की मौत हो गई, जबकि चाय की दुकान चलाने वाले दो भाई घायल हो गए। हादसे के बाद पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान जैतो के हरदयाल नगर निवासी इकबाल सिंह की बेटी अर्शप्रीत कौर के रूप में हुई है। वह बठिंडा के डीएवी कॉलेज में बीसीए की छात्रा थी।

जानकारी के मुताबिक अर्शप्रीत रेलवे स्टेशन क्षेत्र से बाजार की ओर पैदल जा रही थी। इसी दौरान बिसनंदी रोड रेलवे क्रॉसिंग की तरफ से आई तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। इसके बाद अनियंत्रित कार पास स्थित चाय की दुकान से जा टकराई, जिससे दुकान संचालक बॉबी और उसके भाई प्रिंस कुमार भी घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने तीनों को सिविल अस्पताल जैतो पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अर्शप्रीत को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायलों का इलाज चल रहा है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, कार में दो लोग सवार थे और वाहन पर उत्तर प्रदेश का पंजीकरण नंबर था। सूत्रों ने आशंका जताई कि कार सवार मुक्तसर जिले के युवक हो सकते हैं। घायल बॉबी और प्रिंस कुमार ने दावा किया कि कार बेहद तेज रफ्तार में थी और उसके पीछे एक पुलिस वाहन भी आ रहा था। उनके मुताबिक रेलवे फाटक बंद मिलने पर कार चालक ने वाहन वापस बाजार की ओर मोड़ लिया, जिसके बाद हादसा हुआ।

डीएसपी जैतो इकबाल सिंह संधू ने बताया कि मामले की जांच जारी है। मृतका के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

----

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH