home page

सिरसा नदी में जहरीला कचरा डालने की जांच तेज, रोपड़ पुलिस ने अवैध कबाड़ कारोबारियों को नोटिस भेजे

 | 

रोपड़, 27 अगस्त (हि.स.)। सिरसा नदी में कथित तौर पर जहरीला औद्योगिक कचरा डाले जाने के मामले में रोपड़ पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस ने नवानगर और मद्दली गांवों में भुड़ रजवाहे के नदी तल पर अवैध रूप से कबाड़ का कारोबार करने वाले कबाड़ कारोबारियों को नोटिस जारी किए हैं। इन सभी को जांच में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं।

रोपड़ सिटी थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि नदी तल पर कारोबार करते पाए गए सभी कबाड़ कारोबारियों को नोटिस देकर जांच में शामिल होने के लिए कहा गया है। पुलिस मामले में कचरे के स्रोत और इसे नदी तक पहुंचाने वालों की जानकारी जुटा रही है। यह जांच आम आदमी पार्टी के विधायक दिनेश चड्ढा की शिकायत पर दर्ज एफ़आईआर के बाद शुरू हुई है। शिकायत में सिरसा और सतलुज नदियों को कथित तौर पर प्रदूषित करने वाली अज्ञात औद्योगिक इकाइयों पर आरोप लगाए गए हैं। रोपड़ हेडवर्क्स के पास बड़ी मात्रा में संदिग्ध जहरीला औद्योगिक कचरा और तैरता हुआ कूड़ा जमा होने के बाद मामला दर्ज किया गया था।

हाल ही में विधायक दिनेश चड्ढा, पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों और पुलिस की टीम ने इलाके का निरीक्षण किया था। इस दौरान भुड़ रजवाहे और सिरसा नदी की अन्य सहायक धाराओं के किनारे कई जगहों पर कचरे के ढेर मिले। मौके पर इस्तेमाल की गई सिरिंज और फेंकी गई दवाइयों सहित बायोमेडिकल कचरा भी मिलने की बात सामने आई है। पुलिस और संबंधित विभाग अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि नदी तल पर कचरा किसने और कहां से लाकर डाला तथा इसके पीछे किन लोगों या इकाइयों की भूमिका है।

अधिकारियों को आशंका है कि भारी बारिश और अचानक आने वाली बाढ़ के कारण नदी के किनारे जमा यह कचरा बहकर सिरसा नदी में पहुंच सकता है। इसके बाद इसके सतलुज नदी और पंजाब के नहर नेटवर्क तक पहुंचने का खतरा है। इससे पर्यावरण के साथ-साथ लोगों के स्वास्थ्य पर भी गंभीर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH